मथुरालीक्स…दुखद, मथुरा के पति—पत्नी और जवान बेटे की एक्सीडेंट में मौत. दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर स्कॉर्पियो ने रौंदा, शादी में शामिल होने के लिए गए थे तीनों…
मथुरा के कोसीकलां में रहने वाले पति—पत्नी और उनके जवान बेटे की दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट में मौत हो गई है. तीनों सड़क पार कर रहे थे तभी तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने तीनों को रौंद दिया जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. तीनों अपने एक रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गाजियाबाद गए थे और वापस लौट रहे थे. तीनों की मौत के खबर से इनके गांव में कोहराम मच गया है.
मथुरा के कोसीकलां के गावं दहगांव में रहने वाले हरलाल अपनी पत्नी गुड्डो और 21 साल के बेटे तेजवीर के साथ तीन दिन पहले गाजियाबाद के बागू में रहने वाले अपने रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गए थे. 21 नवंबर को शादी संपन्न होने के बाद तीनों सोमवार को पलवल के लिए निकले थे. इसके लिए तीनों ईएमयू ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे. सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बागू के पास एचीप पेट्रोल पंप के सामने तीनों दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे को पार कर रहे थे. इसी दौरान मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में तीनों बुरी तरह से घायल हो गए. पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई लेकिन यहां तीनों की मौत हो गई. हादसे के बाद स्कॉपियो चालक गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. इधर गांव दहगावं में जब तीनों की मौत की खबर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया है.