मथुरालीक्स…बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के विरोध में अड़े गोस्वामी. बोले—सरकार को मंदिर का कोष और मंदिर चाहिए तो ले ले, हम अपने ठाकुर जी को लेकर परिवार सहित कर जाएंगे पलायन…अधिकारी समझाने में जुटे
बांकेबिहारी कॉरिडोर निर्माण की अधिसूचना जारी होने और निर्माण एजेंसी तयकिए जाने के बाद से कॉरिडोर को लेकर विवाद गहरा गया है. गोस्वामी ने अब इस मामले में मथुरा छोड़कर जाने की धमकी तक दे दी है. रविवार को जिलाधिकारी, एसएसपी और विकास प्राधिकरण के वीसी गोस्वामियां से बात करने के लिए पहुंचे लेकिन गोस्वामियों ने स्पष्ट कह दिया कि अगर सरकार अपनी मंशा के अनुरूप मंदिर और पैसा चाहती है तो वो ले ले, हम अपने ठाकुर जी को लेकर परिवार के साथ यहां से पलायन कर जाएंगे. वहीं अधिकारियों ने गोस्वामियों को यह समझाने का प्रयास किया कि कॉरिडोर उनके हित में है और आज के समय की मांग है, जबकि गोस्वामियों ने न्यास गठन केलिएजारी अध्यादेश पर कहा कि जब मंदिर उनकी निजी संपत्ति है तो सरकार इसमें हस्तक्षेप क्यों कर रही है. उन्होंने अध्यादेश को मानने से साफ इनकार कर दिया. मीटिंग के बाद गोस्वामियों ने कहा कि सैकड़ों साल पहले ब्रज के सप्त देवालयों में से चार प्रमुख देवालय के गोस्वामी को उस समय आक्रांताओं के कारण यहां से जाना पड़ गया. जो ब्रजवासी थे वो भी पलायन कर गए. उन्होंने कहा कि हम ये नहीं कह रहे कि सरकार कोई आक्रांता है लेकिन इस तरह कोई समस्या खड़ी हो जाती है तो हम इस स्थान को छोड़ देंगे. उन्होंने कहा कि हम सभी की सहमति है कि सरकार को मंदिर और पैसा चाहिए तो हम उनको दान दे देते हैं. हम अपने ठाकुरजी को लेकर अपने परिवारों के साथ चले जाते हैं. जहां भी जगह मिलेगी, वहां चले जाएंगे.