आगरालीक्स…नृत्य और संगीत के संगम से गूंजा सूरसदन, संपन्न हुआ “आगरा ग्रैंड डांस शोकेस 2025”
वाइब्रेंट डांस कोरियोग्राफी संस्था द्वारा आयोजित "आगरा ग्रैंड डांस शोकेस 2025" रविवार शाम सूरसदन प्रेक्षागृह में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल नृत्य का उत्सव बना, बल्कि शास्त्रीय संगीत और सामाजिक समर्पण की भावनाओं ने भी कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। सांस्कृतिक महोत्सव में देशभर से आए 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 25 से अधिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कथक, कंटेम्परेरी, हिप-हॉप, बेले, हाउस डांस और ब्लॉकिंग जैसी नृत्य शैलियों को मंच पर प्रस्तुत किया गया।
इस शोकेस में प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सृजनात्मकता और सांस्कृतिक एकता का उत्सव मनाया गया। दर्शकों के बीच सबसे विशेष आकर्षण रही अंतर्राष्ट्रीय बैले डांस की प्रस्तुति। कार्यक्रम की एक और महत्वपूर्ण विशेषता रही शास्त्रीय संगीत की सजीव प्रस्तुतियां, जिसमें जयपुर, दिल्ली और आगरा से आए कलाकारों ने बांसुरी, सितार और तबला की मधुर जुगलबंदी से वातावरण को संगीतमय बना दिया। इसके अतिरिक्त, "एक पहल पाठशाला" और आशियाना महिला समिति के बच्चों की प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का दिल जीत लिया।
संस्था के प्रशिक्षित बस्ती क्षेत्र के छोटे बच्चों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बनीं और उन्होंने अपनी कला के माध्यम से अपार संभावनाओं का परिचय दिया। संस्थापक आर्या गर्ग और सह-संस्थापक रीया अग्रवाल ने बताया कि आगरा ग्रैंड डांस शोकेस नृत्य, संगीत और सामाजिक सहभागिता का संगम है। हम आगे भी ऐसे आयोजन करते रहेंगे जो प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ समाज से भी जुड़े रहें। मंच संचालन विनय दीक्षित ने किया। इस अवसर पर प्रदीप गर्ग, ममता गर्ग, राजश्री मिश्रा, वत्सला प्रभाकर, रीता कपूर, मनीष राय, अनिल जैन, मंजू मित्तल आदि ने कलाकारों का उत्साह वर्धन किया।