आगरालीक्स…आगरा में किशोरी के पेट से निकला पांच किलो का ओवेरियन ट्यूमर. डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, डॉ. निहारिका मल्होत्रा की टीम ने की सफल सर्जरी. मरीज को दी नई जिंदगी
उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में मंगलवार को एक किशोरी के पेट से 5 किलोग्राम वजनी ओवेरियन ट्यूमर निकालकर उसकी जान बचाई गई। यह जटिल सर्जरी प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका मल्होत्रा, डॉक्टर मनप्रीत शर्मा, डॉक्टर सैमी बंसल, डॉक्टर प्रदीप गर्ग और डॉक्टर अनीता यादव ने की।मरीज पिछले कई महीनों से पेट में भारीपन, सूजन और मासिक धर्म अनियमितता की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। जांच में अल्ट्रासाउंड और एमआरआई के माध्यम से पता चला कि उसके एक ओवरी में एक विशालकाय ट्यूमर विकसित हो गया था। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि यह ट्यूमर लगभग 5 किलोग्राम वजनी था और पेट के अधिकांश हिस्से में फैल चुका था। उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के एमडी एवं जाने माने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि किशोरावस्था में इतना बड़ा ओवेरियन ट्यूमर दुर्लभ होता है, लेकिन समय पर निदान और सर्जरी से रोगी को पूर्णतः स्वस्थ किया जा सकता है। हमने अत्यंत सावधानीपूर्वक ट्यूमर निकाला ताकि भविष्य में उसकी प्रजनन क्षमता प्रभावित न हो।
आईवीएफ विशेषज्ञ डॉक्टर निहारिका मल्होत्रा ने कहा कि आजकल किशोरियों में हार्मोनल असंतुलन के कारण ऐसी समस्याएं बढ़ रही हैं। नियमित जांच और समय पर इलाज से इन्हें पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।विशेषज्ञों की सलाह
- किशोरियों में पेट दर्द, सूजन या मासिक धर्म में अनियमितता होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
- अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांचों से समस्या का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है।
- देरी करने से जटिलताएं बढ़ सकती हैं, जबकि समय पर इलाज से रोगी का भविष्य सुरक्षित रहता है।