आगरालीक्स…आगरा कैंट से एमजी रोड होते हुए बन रहे मेट्रो कॉरिडोर के लिए रखा गया पहला यू गर्डर. जानें इस कॉरिडोर में कितने स्टेशन बनेंगे और क्या होगा रूट
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बन रहे दूसरे कॉरिडोर में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। यूपी मेट्रो ने दूसरे कॉरिडोर में पहले यू गर्डर का सफलतापूर्वक परिनिर्माण किया। इस दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यू गर्डर रखने के लिए 500 टन की दो क्रेनों की मदद से यू गर्डर को उठाकर पियरकैप पर रखा जाता है। यह प्रक्रिया कुशल इरेक्शन इंजीनियरों की निगरानी में किया जाता है। इस सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस भाग के लिए डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू गर्डर आदि की कास्टिंग की जा रही है। गौरतलब है कि ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच प्रथम कॉरिडोर में ताज ईस्ट गेट से मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक सफलतापूर्वक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। वहीं, इस कॉरिडोर के शेष भूमिगत भाग में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शेष चार भूमिगत स्टेशनों का सिविल निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, फिलहाल यहां फिनिशिंग एवं सिस्टम आदि का काम किया जा रहा है। इस भाग में टनल निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।ये होगा दूसरे कॉरिडोर का पूरा रूट
आगरा कैंट से एमजी रोड होते हुए हाइवे जाकर कालिंदी विहार तक मेट्रो के 14 स्टेशन बनेंगे. एमजी रोड पर बीच में मेट्रो चलेगी और जहां—जहां स्टेशन बनेंगे उसके दोनों ओर स्टेशनों पर जाने के लिए रास्ते होंगे. आगरा कैंट से मेट्रो के बाद सदर स्टेशन बनेगा. इसके बाद एमजी रोड पर मेट्रो आएगी. यहां प्रतापपुरा, कलक्ट्रेट, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस पर स्टेशन बनेंगे. इसके बाद मेट्रो का एमजी रोड पर आखिरी स्टेशन दीवानी के पास होगा जिसे एमजी रोड नाम दिया जाएगा. यहां से मेट्रो भगवान टाकीज फ्लाईओवर को ऊपर से क्रॉस करते हुए अबुउलाह रोड की तरफ आएगी और आगे जाकर सुल्तानगंज की पुलिया स्टेशन बनेगा. सुल्तानगंज की पुलिया के आगे से मेट्रो लंगडे की चौकी की तरफ क्रॉस करेगी और लंगड़े की चौकी के पास मेट्रो का कमला नगर स्टेशन बनेगा. फिर इसी दिशा में मेट्रो आगे के लिए रवाना होगी और आगे जाकर पहले रामबाग, फिर फाउंड्री नगर, मंडी समिति और कालिंदी विहार नाम के मेट्रो स्टेशन बनेंगे.
आगरा कॉलेज पर बनेगा इंटरचेंज
आगरा कॉलेज पर बनने वाला मेट्रो स्टेशन सबसे खास होगा. यहां इंटरचेंज स्टेशन बनेगा. यह स्टेशन दोनों कॉरिडोर को आपस में कनेक्ट करेगा. पहले कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक होगा तो वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक होगा. इन दोनों ही कॉरिडोर का इंटरचेंज स्टेशन आगरा कॉलेज होगा.
आगरा कैंट
सदर बाजार
प्रतापपुरा
कलैक्ट्रेट ( फ्यूचर स्टेशन- सुभाष पार्क)
आगरा कॉलेज
हरीपर्वत
संजय प्लेस
एमजी रोड
सुल्तानगंज की पुलिया
कमला नगर
रामबाग
फाउंड्री नगर
मंडी समिति
कालिंदी विहार