आगरालीक्स…ताजमहल के पश्चिमी गेट पर फायरिंग करने वाला लखनऊ से अरेस्ट. कार के साथ पश्चिमी गेट में एंट्री न मिलने पर हवाई फायरिंग कर फैलाई थी दहशत…
आगरा में सोमवार सुबह अर्टिगा कार सवार दो युवक ताजमहल पश्चिमी गेट की पार्किंग के पास अमरूद टीला पर बने पुलिस बैरियर पर पहुंचे और बैरियर से अंदर जाने लगे. पुलिस कर्मियों ने उन्हें ताजमहल के 500 मीटर के क्षेत्र में वाहन प्रतिबंधित होने के कारण अंदर जाने से रोक दिया. इस पर युवकों की पुलिस कर्मियों से विवाद हो गया. पुलिस से विवाद होने के बाद युवक कार में बैठे और कार को वापस ले जाने लगे, थोड़ा आगे निकलते ही कार सवार युवकों ने एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग की. इससे पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए.पहले कार चालक लिया हिरासत में
पुलिस ने इस घटना पर तत्काल एक्शन लिया और पुलिस टीमों का गठन किया गया. पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी के आधार पर कार को कब्जे में लेकर कार चालक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. कार चालक गोवर्धन का रहने वाला है, पूछताछ में चालक द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति ने वृन्दावन से कार को बुक किया गया था तथा यह भी बताया कि उसी ने ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास सड़क पर हवाई फायरिंग की थी. कार चालक ने उस व्यक्ति को एत्माद्दौला क्षेत्र में छोड़ दिया था और वह एक दूसरी कार को बुक करके चला गया.
सीसीटीवी की मदद से आगरा पुलिस द्वारा उक्त गाड़ी को चेक किया गया, सीसीटीवी की मदद से जानकारी मिली कि उक्त गाड़ी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर है, इस पर आगरा पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना कन्नौज, उन्नाव व लखनऊ पुलिस को दी गयी, तीनों जनपदों की पुलिस के सहयोग व आपसी समन्वय से लखनऊ पुलिस के थाना मानकनगर पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी आजमगढ़ का रहने वाला है. इसके परिवार वालो से सम्पर्क करने पर परिजनों द्वारा बताया गया कि वह मानसिक रोगी है और उसका मानसिक इलाज करीब 20 वर्षों से लखनऊ में नूर मंजिल साइकेट्रिक सेंटर में चल रहा है. प्रकरण में आगरा पुलिस द्वारा उक्त घटना में तत्परता दिखाते हुए मात्र 07 घण्टे के अन्दर घटना का सफल अनावरण कर दिया गया है एवं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.