आगरालीक्स…आगरा के नमक की मंडी से 75 किलो किलो की चांदी की राखियां लेकर जा रहे कारोबारी के बेटों को लूटा…अपहरण का भी प्रयास…
आगरा के नमक की मंडी से 75 किलो चांदी लेकर जा रहे कारोबारी के दो बेटों से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. कार सवार दोनों युवकों का पहले अपहरण करने का प्रास किया गया फिर बाद में उन्हें मारपीट कर उतार दिया और 75 किलो की चांदी की राखियां लूटकर भाग गए. बदमाश एक दर्जन के करीब थे और नकाबपोश थे.घटना आगरा—मथुरा हाइवे के रैपुराजाट पुलिस चौकी के पास की है. गोविंद नगर थाना क्षेत्र के मुहल्ला पंजाबी पेच में सराफा कारोबारी हरिओम सोनी रहते हैं. इनकी मंडी रामदास में श्रीजी ज्वैलर्स नाम से दुकान है. इसी नाम से एक फर्म आगरा के नमक की मंडी में है. इनके यहां करीब 12 साल से शब्बीर निवासी जयसिंह पुरा कार चलाते हैं. मंगलवार दोपहर को दो बजे कारोबारी के दो बेटे 26 साल के कन्हैया और 23 साल का गौरव आगरा कार से गए थे. कार शब्बीर चला रहे थे. आगरा पहुंचने पर कारोबारी ने बेटों से फर्म से चांदी की राखी लाने के लिए कह दिया.
इस पर दोनों 75 किलो चांदी की राखियां लेकर कार से मथुराके लिए रवाना हुए. मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे फरह के रैपुराजाट चौकी से कुछ दूर हाइवे पर सात—आइ बाइकों पर सवार एक दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने इनकी कार को आगे बाइक लगाकर रोक दिया. चालक शब्बीर नीचे उतरा तो उसका मोबाइल तोड़ दिया. इसके बाद बदमाश कार में बैठ गए और कारोबारी के दोनों बेटों का अपहरण कर चांदी की राखी समेत अछनेरा रोड की ओर भागने लगे. इसी बीच सामने से फरह पुलिस की गाड़ी आती दिखाई दी. इससे बदमाश डर गए और दोनों कारोबारियों के बेटों को नीचे उतारकर कार को मोड़ लिया और वापस हाइवे की तरफ भागे.
दोनों बेटों ने पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस ने कार का पीछा किया लेकिन कार पुलिस की पकड़ से दूर हो गई. सूचना पर एसएसपी श्लोक कुमार समेत पुलिस फोर्स सक्रिय हो गया. चारों ओर नाकेबंदी की गई. बदमाश आगरा की ओर भीमनगर की पुलिया के पास कार को छोड़कर भाग निकले और कार में रखी चांदी भी ले गए.चालक शब्बीर ने बताया कि बाइक सवार युवकों के साथ पीछे एक बोलेरो कार भी थी. पुलिस हाइवे के सीसीटीवी खंगाल रही है. पुलिस ने पांच टीमें बदमाशों की तलाश में लगाई हैं.