मथुरालीक्स…मथुरा के जीएसटी सहायक कमिश्नर की एक्सीडेंट में मौत. आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे कार रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरी. पत्नी और ड्राइवर घायल
कन्नौज में आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे से तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी. हादसे में मथुरा के सहायक जीएसटी कमिश्नर की मौत हो गई है जबकि इनकी पत्नी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायलों को सैफई के मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया है. मृतक सहायक जीएसटी कमिश्नर अपनी टाटा सफारी से मथुरा से लखनऊ जा रहे थे. रात के समय यह हादसा हुआ है. मृतक अधिकारी का नाम अनुभव सिंह पुत्र अनूप सिंह निवासी शिवाजीपुरम, थाना भिनगा, श्रावस्ती है. अनुभव सिंह इस समय मथुरा में सहायक कमिश्नर जीएसटी के पद पर तैनात थे. चार अगस्त को शाम लगभग सात बजे वह अपनी टाटा सफारी कार से मथुरा से लखनऊ जा रहे थे. इनके साथ इनकी पत्नी रूमा सिंह और चालक अंकित सिंह था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गाड़ी स्पीड में थी. ओवरटेक लेन पर पानी होने पर गाड़ी अनियंत्रित होकर बाईं तरफ साइड की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी. हादसे में कार में बैठे सभी लोग घायल हो गए. सूचना पर पहुंची सेफ्टी टीम व पुलिस ने सभी घायलों को सैफई के मिनी पीजीआई में भर्ती कराया. यहां देर रात उपचार के दौरान सहायक कमिश्नर जीएसटी अनुभव सिंह की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.