आगरालीक्स…आगरा के बोदला बिचपुरी रोड़ पर लगने वाले शुक्रवार बाजार में अवैध दुकानों व अतिक्रमण पर होगा एक्शन. इंडस्ट्रियल एरिया में ड्रेनेज सिस्टम और खराब लाइटें सही न होने की समस्याएं. मंडलायुक्त ने दिए ये निर्देश
आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज गुरूवार को मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई। औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा में ही पूर्व निर्मित स्टोर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम में जल निकासी की समस्या के संबंध में आयुक्त महोदय ने रेलवे, एडीए, नगर निगम, यूपीसीडा और व्यापारी एसो के अध्यक्ष के साथ संयुक्त निरीक्षण के पश्चात महोदय की अध्यक्षता में अलग से बैठक करने के निर्देश दिए। हरीपर्वत से सेंट जोन्स चौराहे के मध्य रेलवे लाइन के ऊपर सड़क के चौड़ीकरण कार्य मेट्रो कार्य पूर्ण होने के उपरान्त ही किया जाएगा।फाउण्ड्री नगर में पार्क हेतु छोड़ी गयी जमीन पर सौन्दर्यीकरण कार्य कराए जाने हेतु यूपीसीडा द्वारा मुख्यालय को भेजे गये पत्र का कोई जवाब न मिलने पर आयुक्त महोदय की ओर से अनुस्मारक पत्र भेजने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में रेलवे लाइन पुलिया तक निर्मित नाले की जल निकासी प्रकरण में भी महोदय की अध्यक्षता में अलग से होने वाली बैठक में यह प्रकरण रखने के निर्देश दिए। गलीचा बिराई प्रशिक्षण योजना में बिराई मजदूरों को योजना में शामिल कराये जाने हेतु एवं उन्हें प्रषिक्षण दिलाए जाने को संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। निवेश मित्र पोर्टल के अन्तर्गत लंम्बित प्रकरणों की समीक्षा की गयी। आगरा में 7, फिरोजाबाद में 12 और मथुरा में 29 ऐसे प्रकरण हैं जो निर्धारित समय उपरांत लंबित हैं। मण्डलायुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए और जो प्रकरण पोर्टल पर अपडेट नहीं किए गये उन्हें अपडेट किया जाए।
बोदला बिचपुरी रोड़ पर हर शुक्रवार को लगने वाले बाजार के कारण अवैध दुकानों से अतिक्रमण की समस्या पर अपर नगर आयुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि अतिक्रमण अभियान चलाकर सभी अवैध कब्जे हटा दिए गये हैं। दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए बैरिकेडिंग कर दी गयी है और निर्धारित सीमा में ही दुकानें लगाने की चेतावनी दी गयी है। बोदला-बिचपुरी रोड़ स्थित नाले की पूरी सफाई करा दी गयी है। बैठक के अंत में औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा क्षेत्र में खराब लाईटें सही न होने, यूपीसीडा विभाग द्वारा टैक्स चार्ज ज्यादा लिए जाने एवं मार्च 2025 तक नगर निगम को टैक्स चुकाने के बावजूद जनवरी 2025 से टैक्स बिल बनाकर जारी करने की समस्याएं रखी गयीं। आयुक्त महोदय द्वारा यूपीसीडा अधिकारी को उक्त सभी समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं औद्योगित क्षेत्रों में अनुबंधित एजेंसी की सर्वे टीम द्वारा उद्योगपतियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत पर महोदय ने यूपीसीडा को निर्देश दिए कि सर्वे टीम को सर्वे करने हेतु जिन साईटों की सूची दी गयी है, उसी के अनुसार सर्वे करें। सर्वे टीम के प्रत्येक सदस्य का आईडी कार्ड हो और उद्योगपतियों से विनम्र व्यवहार करें। वहीं आयुक्त महोदय ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि इस बैठक में रखे गये सभी बिन्दुओं पर सकारात्मक दृष्टिाकोण के साथ काम करें और जल्द से जल्द प्रकरणों का निस्तारण करें। उद्योग से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान हो, यह हमारा दायित्व हो। वहीं माननीय न्यायालय से जुड़े प्रकरणों का भी उचित फाॅलोअप किया जाए।