आगरालीक्स आगरा की स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रानी सरोज गौरिहार की पोती बताकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीट ले ली, जांच से खुला फर्जीबाड़ा। ( Agra News: Girl student caught with Fake Freedom Fighter dependent letter during admission in MBBS in Firozabad Medical College#Agra)
आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में प्रभु टॉकीज के पास की रहने वाली साखी बिसवास की नीट यूजी में आल इंडिया 758778 रैंक आई थी। नीट यूजी की काउंसिलिंग चल रही है, आनलाइन काउंसिलिंग में छात्रा ने एससी वर्ग के प्रमाण पत्र के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आगरा की रानी सरोज गौरिहार की खुद को पोती बताते हुए आश्रित होने का प्रमाण पत्र लगाया इससे रैंक ज्यादा होने के बाद भी सरकारी मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद की एमबीबीएस की सीट उसे आवंटित कर दी गई।
प्रवेश लेने पहुंची छात्रा का खुला फर्जीबाड़ा
आनलाइन काउंसिलिंग के बाद एमबीबीएस में प्रवेश की सीट आवंटित की गई हैं इसके बाद अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने पहुंच रहे हैं। छात्रा साखी बिसवास प्रवेश लेने के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में पहुंची, प्रवेश समिति के सदस्य डॉ. गौरव सिंह को छात्रा का स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का प्रमाण पत्र संदिग्ध लगा। उन्होंने प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल को इस बारे में बताया, उन्होंने 19 अगस्त को डीएम आगरा को पत्र लिखकर छात्रा साखी बिसवास के नाम पर जारी किए गए आश्रित प्रमाण पत्र की जांच करने के लिए कहा।
डीएम के हस्ताक्षर भी फर्जी
आगरा जिला प्रशासन द्वारा मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल को भेजे गए पत्र में कहा गया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रानी सरोज गौरिहार के आश्रित के रूप में बनाया गया पत्र फर्जी है और उस पर हस्ताक्षर भी फर्जी हैं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रानी सरोज गौरिहार का निधन हो चुका है, इस मामले में एसएसपी फिरोजाबाद को पत्र लिखने के साथ ही डीजीएमई कार्यालय में पत्र लिखकर सीट निरस्त करने के लिए कहा गया है।