मथुरालीक्स..बांकेबिहारी मंदिर में बदली दर्शन व्यवस्था. अब गेट 2—3 से प्रवेश करेंगे और दर्शन के बाद 1—4 से बाहर जाएंगे श्रद्धालु. वीआईपी दर्शन पर्ची पर लगा पूरी तरह प्रतिबंध
ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन को देश के कोने—कोने से भक्त वृंदावन पहुंचते हैं. हजारों की संख्या में रोजाना लोग अपने आराध्य का दर्शन करते हैं लेकिन कभी—कभी भक्तों की इतनी भीड़ हो जाती है कि अव्यवस्थाएं हावी हो जाती हैं और भक्तों को अपने आराध्य के दर्शन के लिए काफी भीड़, धक्का मुक्की का सामना करना पड़ता है. इसी को ध्यान में रखते हुए अब बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है.
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर मैनेजरमेंट कमेटी ने शनिवार को बैठक की जिसमें तय किया गया कि दो गेट से मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा और दो गेट से निकास होगा. प्रवेश देते समय रेलिंग बनाकर तीन लाइन बनाई जाएंगी और उसी रेलिंग से कतारबद्ध होकर श्रद्धालु दर्शन को पहुंचेंगे. दर्शन के बाद उन्हें दो गेटों से बाहर निकाला जाएगा. इससे मंदिर में दबाव खत्म होगा और बाहर इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को भी परेशानी नहीं होगी. जल्द ही इस व्यवस्था का क्रियानवयन होगा.
वीआईपी पर्ची दर्शन पर प्रतिबंध
कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की ओर से सौ रुपये में वीआईपी दर्शन की पर्ची काटी जाती थी जिसका दुरुपयोग किया जाता था. पर्ची को अवैध रूप से कलर फोटो कापी कराकर उन्हें श्रद्धालुओं को दिया जाता था.शुक्रवार से वीआईपी दर्शन पर्ची पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है. अब कोई पर्ची नहीं काटी जा रही है लेकिन प्रोटोकॉल वाले वीआईपी जैसे पहले दर्शन करते थे वह करते रहेंगे.