आगरालीक्स…आगरा के दो युवकों में लगी पहले यमुना पार करने की शर्त और लगा दी छलांग. नदी में बह गया एक युवक, नहीं लगा पता
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के रहने वाले दो युवकों के बीच यमुना को सबसे पहले पार करने की शर्त लग गई. दोनेां ने यमुना में छलांग लगा दी. एक युवक तो नदी के उस पार सुरक्षित पहुंच गया लेकिन दूसरा युवक तेज बहाव के कारण नदी में डूब गया. सूचना पर पुलिस और गोताखोरों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चल सका है. इधर युवक के डूबने से परिवार में कोहराम मच गया है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भगवती बाग का रहने वाला एक आटो चालक सचिन और उसका पड़ोसी मोहन बुधवार दोपहर में बाल कटवाने के लिए गए थे. रास्ते में लौटते समय सचिन का यमुना में नहाने का मन हुआ. मोहन ने मना कर दिया लेकिन उसके छोटे भाई सूरज को बुला लिया गया. नदी किनारे पहुंचने पर सचिन और सूरज के बीच शर्त लगी कि पहले कौन नदी पार करेगा. इस पर दोनों ने कपड़े उतारकर नदी में छलांग लगा दी. सूरज तो सुरक्षित नदी के दूसरे किनारे पहुंच गया लेकिन सचिन तेज बहाव में बह गया. सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों व स्टीमर की मदद से युवक की खोजबीन की लेकिन रात तक कोई पता नहीं चला.
परिवार में मचा कोहराम
सचिन के डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है. सचिन के पिता कैंडी बेचते हैं तो वहीं उसके बड़े भाई की भी पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी. सचिन की तीन बहनें है जिनकी शादी हो चुकी है. परिजनों का कहना है कि सचन बहनों की शादी के लिए लिया गया कर्ज आटो चलाकर उतार रहा था.