आगरालीक्स…आगरा में गोवर्धन महाराज के जयघोष से गूंजा श्री महालक्ष्मी मंदिर. वरद वल्लभा मंदिर भी रोशनी से जगमगाया..देखें फोटोज

दीपोत्सव की पावन श्रृंखला में बुधवार को श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा श्री देवी जी ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य गोवर्धन पूजन महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। महालक्ष्मी मैया और गोधन से बने 17 फुट के गोवर्धन महाराज का दिव्य फूल बंगला श्रृंगार, अन्नकूट प्रसादी, और आतिशबाजी इस धार्मिक आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे। पूजन कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के साथ हुई। मंदिर परिसर को सैकड़ों दीपों, रंगीन झालरों और पुष्पमालाओं से सजाया गया। भक्तों ने “गोवर्धन महाराज की जय” और “जय महालक्ष्मी माता” के जयघोषों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

दीपोत्सव की पावन श्रृंखला में बुधवार को छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में भक्तिभाव से परिपूर्ण गोवर्धन पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया, वहीं विद्युत सज्जा की मनोहारी झिलमिलाहट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंदिर के संस्थापक हरिमोहन गर्ग (एनआरएल)ने बताया कि गोवर्धन पूजा का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की उस लीलामय भावना को स्मरण करना है, जब उन्होंने इंद्र के अभिमान को दूर करने हेतु गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर धारण किया था। यह पर्व भक्ति, सेवा और संरक्षण का संदेश देता है।