आगरालीक्स… वीडियो आगरा में पीपुल्स होंडा शोरूम में आग लगने से हेरिटेज हॉस्पिटल में भरा धुआं, आक्सीजन सिलेंडर लगाकर आईसीयू से निकाले मरीज, 35 मरीजों को किया गया रेस्क्यू ( Agra News: 35 Patient rescue from Heritage Hospital after fire break out in neighboring Peoples Honda Showroom building, Video #Agra )
आगरा में भगवान टॉकीज सर्विस रोड पर पीपुल्स होंडा का शोरूम है, इससे ही सटा हुआ हेरिटेज हॉस्पिटल है। बुधवार रात नौ बजे शोरूम बंद हो चुका था, शोरूम की छत पर स्टोर बना हुआ है। स्टोर में आग लग गई। स्टोर में आग लगने से उठा धुआं लिफ्ट की डक्ट से हेरिटेज हॉस्पिटल में भरने लगा। इससे अफरा तफरी मच गई।
आइसीयू से आक्सीजन सिलेंडर लगाकर निकाले मरीज
हेरिटेज हॉस्पिटल में पहली मंजिल पर आईसीयू, दूसरी पर जनरल वार्ड और तीसरी मंजिल पर प्राइवेट वार्ड है। हॉस्पिटल में धुआं भरने से चीख पुकार मचने पर स्थानीय लोग आ गए, कुछ ही देर में संजय प्लेस से दमकल कर्मी भी पहुंच गए। एक टीम ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए तो दमकल की दूसरी टीम ने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया। आईसीयू में भर्ती सात मरीजों को आक्सीजन की सपोर्ट से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में थे 35 मरीज
हादसे के समय हेरिटेज हॉस्पिटल में 35 मरीज थे, अफरा तफरी के बीच 35 मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला गया। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।