आगरालीक्स….Agra News: आगरा में डेयरी संचालक पति पत्नी को दो दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा, पुलिस और सीबीआई अधिकारी बनकर 59 लाख ट्रांसफर कराए। ( Agra News: Elderly Dairy Owner & his wife digital arrest for 48 hours, duped Rs 59 Lakh#Agra )
आगरा के दयाल अपार्टमेंट, एलोरा एन्क्लेव के रहने वाले अशोक कुमार का डेयरी का काम है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 13 अक्टूबर को पत्नी माधुरी के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रदीप सावंत बताया और कहा कि वह मुंबई के थानाकोलाबा का अधिकारी है, आपके नंबर पर 20 20 एफआईआर दर्ज हैं, आपके एकाउंट में सात करोड़ रुपये अवैध तरीके से आए हैं।
युवती ने वीडियो कॉल की और डिजिटल अरेस्ट कर लिया
इसके बाद युवती ने वीडियो कॉल की, अपना नाम रश्मि शुक्ला बताया। खुद को सीबीआई की जांच विंग से बताते हुए कहा कि आपको जितना भी धन मिला है यह जांच पूरी होने तक आरबीआई में जमा करना होगा जो बाद में वापस हो जाएगा। डराने के लिए कहा कि आपके खिलाफ केस दर्ज हो गए हैं और जल्द जेल भेज दिया जाएगा। जेल जाने से बचना चाहते हैं तो जांच में सहयोग करें। कहा कि इस जांच के बारे में किसी को न बताएं, जैसा कह रहे हैं वैसा करें, पुलिस को बता दिया तो सीबीआई कार्रवाई करेगी। इससे डेयरी संचालक और उनकी पत्नी घबरा गए।
59 लाख रुपये कराए ट्रांफसर
डेयरी संचालक और उनकी पत्नी को डराकर 14 अक्टूबर को 25 लाख रुपये बंधन बैंक के खाते और 15 अक्टूबर को 34 लाख रुपये बैंक आफ बड़ौदा के खाते में ट्रांसफर करा दिए, इसके बाद कई बार और रुपये ट्रांसफर कराए। इस तरह 59 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रुपये ट्रांसफर होने के बाद डेयरी संचालक को ठगी का अहसास हुआ, इस मामले में साइबर थाने की पुलिस जांच में जुटी है।
1930 पर करें कॉल, पुलिस नहीं करती डिजिटल अरेस्ट
आगरा के एडीसीपी आदित्य सिंह का कहना है कि पुलिस किसी को भी डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है, इस तरह की ठगी के शिकार होने पर सबसे पहले 1930 पर कॉल कर जानकारी दें जिससे ठगी के रुपये जिस बैंक में गए हैं उसे आगे जाने से रोका जा सके।