आगरालीक्स…आगरा में देवोत्थान पर जीवन भर के पवित्र बंधन में बंधे ग्यारह जोड़े. श्रीराम चौक से ग्यारह बेटियों को बैंड बाजों संग बारात लेकर पहुंचे 11 दूल्हे
हर तरफ उत्साह और उमंग था। बैंडबाजों संग ग्यारह दूल्हे धोड़ी पर सवार होकर श्रीराम चौक से सद्भावना पार्क पहुंचे तो उनके स्वागत में घराती आरता का थाल लिए खड़े थे। दम्पतियों के परिजनों की हंसी ठिठोली के साथ बारात का स्वागत व वरमाला सम्पन्न हुई। इसके उपरान्त विवाह की सभी रस्मों को मंगल गीतों के साथ निधि विधान से सम्पन्न कराया गया। कुछ ऐसा ही नजारा था आज कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क में। जहां सद्भावना पार्क सेवा समिति द्वारा 11 दम्पतियों का विवाह समारोह आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर व उप्रलघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने राम दरबार के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विवाह समारोह का शुभारम्भ किया। अग्नि को साक्षी मानकर 11 दम्पति जीवन भर के पवित्र बंधन में बध गए। परिजनों ने ढोलक की थाप पर मंगल गीत गाए और खूब नृत्य भी हुआ। सभी कन्याओं को गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप भेंट किया गया। कार्यक्रम स्थल को सतरंगी फूलों व झिलमिल रोशनी की झालरों से सजाया गया। शाम चार बजे विदाई के समय परिवारीजनों के साथ समिति के सदस्यों की आंखें भी नम हो गई। बेटियों को सौभाग्यवती व खुशहाल जीवन का आर्शीवाद देकर नम आंखों से विदा किया।