आगरालीक्स…आगरा में 160 केंद्रों पर होगी हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं. डीएम ने दिए निर्देश—हर केंद्र पर हों ये मूलभूत सुविधाएं..
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए पोर्टल पर प्राप्त केंद्रों की समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बोर्ड द्वारा संचालित हाईस्कूल एंव इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 हेतु विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन भरी गयी आधारभूत सुविधाओं एंव सूचनाओं के आधार पर बोर्ड द्वारा जनपद आगरा में कुल 160 (15 राजकीय, 81 सहायता प्राप्त व 64 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त) विद्यालय ऑनलाइन परीक्षा केन्द्र निर्धारित किये गये है जिसमें तहसील एत्मादपुर में 18, खेरागढ़ में 23, बाह में 16, किरावली में 19, सदर में 65, फतेहाबाद में 19 परीक्षा केंद्र हैं, बालिकाओं हेतु अधिकतम 05 किमी, बालकों का 10 किमी दूरी तक का बोर्ड द्वारा मानक सुनिश्चित किया गया है, तथा प्राथमिकता के आधार पर राजकीय विद्यालय, एडेड, वित्तविहीन क्रमशः वरीयता के आधार पर परीक्षा केन्द्र निर्धारण किए गए हैं, सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी आदि का मानक है।जिलाधिकारी ने परीक्षा में पारदर्शिता,शुचिता व सुविधा सुनिश्चित किए जाने हेतु ऐसे स्कूल जिनके विरुद्ध पूर्व के वर्षों में एफआईआर, मुकदमा दर्ज हुआ है या जो बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करते उनको परीक्षा केन्द्र न बनाए जाने, छात्र छात्राओं की सुविधा हेतु बोर्ड द्वारा निर्धारित दूरी के मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, पेयजल, टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, सीसीटीवी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु संबंधित उपजिला मजिस्ट्रेट को स्वयं मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित से सर्वसाधारण के सूचनार्थ एवं संज्ञानार्थ कार्यालय जिलाधिकारी आगरा / सीडीओ ऑफिस /संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मण्डल /डीआईओएस, कार्यालय आगरा आदि के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई सूची पर प्राप्त आपत्तियों को तलब किया,जिसमें बताया गया कि कोई भी आपत्ति प्राप्त नहीं हुई है विभिन्न विद्यालयों, प्रधानाचार्यों द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिलाधिकारी ने सभी आपत्तियों की जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को निर्देशित किया। बैठक में एसडीएम सदर सचिन राजपूत, एसडीएम बाह संतोष शुक्ला, एसडीएम, किरावली नीलम, एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा तहसीलदार एत्मादपुर,डीआईओएस चंद्रशेखर, बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।