आगरालीक्स…आगरा में मंत्री की गाड़ी के सामने आया कुत्ता. चालक ने ब्रेक लगाए तो पीछे से दूसरी कार ने मारी टक्कर..
आगरा में नये साल के पहले दिन मत्स्य मंत्री के काफिले के साथ दुर्घटना हो गई. थाना डौकी क्षेत्र में फतेहाबाद रोड पर मत्सय मंत्री संजय निषाद की गाड़ी के आगे अचानक एक कुत्ता आ गया. इस पर चालक ने कुत्ते को बचाने के लिए ब्रेक लगा दिए जिससे काफिले में पीछे चल रही एक कार मंत्री की कार से जा टकराई. गनीमत रही कि हादसा टल गया.
घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे के आसपास की है. मंत्री संजय निषाद फतेहाबाद से आगरा सर्किट हाउस आ रहे थे. काफिले में और भी कारें शामिल थीं. फाच्र्यूनर कार के आगे एकदम कुत्ता आ गया जिसे बचाने के लिए चालक ने ब्रेक लगाए लेकिन तभी पीछे चल रही आई 20 कार अनियंत्रित होकर मंत्री की कार से जा टकराई. हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. कुछ देर बाद यातायात सामान्य करा दिया गया.