आगरालीक्स…आगरा में मकर संक्रांति पर 5 हजार से अधिक जगहों पर भंडारा और खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया. दान—पुण्य और स्नान के साथ मनाया मकर संक्रांति का पर्व
आगरा में आज 15जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया गया. दान—पुण्य और स्नान के साथ सुबह से ही लोगों ने मकर संक्रांति पर पूजा अर्चना की. आगरा में एक अनुमान के अनुसार पांच हजार से अधिक स्थानों पर खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया.
श्री शिव सेवक समिति के तत्वाधान में मकर संक्रांति पर कमला नगर स्थित मेन मार्केट में खिचड़ी वितरण कार्यक्रम किया गया. मुख्य अतिथि एमएलसी विधायक विजय शिवहरे रहे. दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा. इस दौरान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, नीरज गुप्ता, शिव शैलेंद्र सिंह, शरद माहेश्वरी, पल्लव गुप्ता, राज कुमार शाक्य, मनोज गुप्ता मेधराज शाक्य आदि मौजूद रहे. राकेश गर्ग ने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व सेवा, दान और गौ संरक्षण की भावना को जागृत करने वाला पर्व है. इस दिन किया गया अन्नदान और सेवा कार्य विशेष पुण्यदायी माना जाता है. उन्होंने कहा कि व्यापारिक संस्थाओं द्वारा इस प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मानवीय संवेदनाएँ सशक्त होती हैं.
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति द्वारा उत्तरायण पर्व श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परंपरागत खिचड़ी–मंगौड़े का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया. बताया कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति में उत्तरायण का प्रतीक पर्व है, जो नई ऊर्जा, नई शुरुआत और आपसी सौहार्द का संदेश देता है. समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष यह आयोजन परंपरागत रूप से किया जाता है, ताकि समाज के सभी वर्ग एक साथ पर्व की खुशियाँ मना सकें. इस वर्ष 100 किलो दाल चावल की खिचड़ी और 100 किलो दाल के मंगोड़े वितरित किए गए.