आगरालीक्स…आगरा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर आज मेगा किलाबंदी टिकट जांच का चला अभियान. 570 यात्रियों से 3,52,740 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
आगरा मंडल के मुख्य स्टेशनों (आगरा छावनी, आगरा किला, एवं मथुरा जं स्टेशनों पर शुक्रवार को बिना टिकट/अनियमित यात्रा/बिना बुक सामान ले जाने वाले एवं रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध मेगा किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अनियमित यात्रियों में हड़कंप मचा रहा, कुछ यात्रियों ने भागने की कोशिश भी की जिन्हें पकड़कर उनसे निर्धारित जुर्माना वसूला गया।
जांच अभियान में 291 बिना टिकट यात्रियों से कुल 2,21,750 रुपए, अनियमित यात्रा करने वाले कुल 270 यात्रियों से 1,28,190 रुपए तथा निर्धारित सीमा से अधिक बिना बुक कराए सामान ले जाने वाले 03 यात्रियों से 1,600 रुपए तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले 06 यात्रियों से 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार उक्त जांच अभियान में पकड़े गए कुल 570 यात्रियों से 3,52,740 रु का जुर्माना वसूल किया गया। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार की जांच मंडल में निरंतर कराई जा रही हैं, जिससे बिना टिकट यात्रा ,अनियमित यात्रा ,बिना बुक लगेज, गंदगी फ़ैलाने वालों यात्रियों पर रोक लगाई जा सके।