आगरालीक्स…आगरा के गायत्री पब्लिक स्कूल की दोनों यूनिट में हुआ पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ. नौनिहालों का हुआ विद्यारम्भ संस्कार
गायत्री पब्लिक स्कूल की यूनिट – 1, वजीरपुरा, एवं यूनिट -2 शास्त्रीपुरम में पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन बड़े धूम-धाम के साथ हुआ। गायत्री पब्लिक स्कूल के लिए वसंतोत्सव का द्विगुणित महत्व है क्योंकि यह पर्व गायत्री के महान साधक पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य’ का आध्यात्मिक जन्म दिवस भी है। यूनिट -1 वसंतोत्सव के विशेष अवसर पर सम्पूर्ण विद्यालय का वातावरण बसंती रंग में रंगा हुआ था। इस पावन पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के यज्ञाचार्य ‘अजयवीर सिंह’ के मार्गदर्शन में विधि विधान से पूजन अर्चन कर पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। गायत्री मंत्र, स्वस्ति वाचन मंत्र, सरस्वती वंदना–‘सरस्वती महाभद्रा महामाया वरप्रदा’, तथा ‘एक तू ही आधार’ – गुरु वंदना के मधुर स्वर में गायन से वातावरण गुंजायमान हो गया। साथ ही परम पूज्य गुरुवर पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र के समक्ष विद्यार्थियों व शिक्षक वृंद द्वारा पुष्पार्पण का क्रम अनवरत चलता रहा। व्यवस्थाएं संभालने में विद्यालय प्रभारी वर्ग पूर्णिमा सिंह, डीके अधिकारी, रितु दुबे’ एवं ‘फरहत नज़मी’, शिक्षिका सोनिया गुप्ता एवं शिक्षक तनुज अरोरा का विशेष योगदान रहा। यज्ञ आयोजन के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बीना उपाध्याय’ की विशेष रूप से सक्रिय सहभागिता रही।
यूनिट -2 पीत पुष्प, पीत परिधान एवं पंच कुण्डों से सज्जित विद्यालय मानों बसंत ऋतु की प्रतिमूर्ति एवं तपोभूमि को साकार रूप दे रहा था। कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्कूल Choir ने गायत्री मंत्र एवं स्वस्तिवाचन मंत्र, गायत्री स्तवन तथा ‘हमको नवल उत्थान दे’ सरस्वती वंदना का भक्तिपूर्ण गायन किया। पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र के समक्ष विद्यार्थियों एवं शिक्षक/शिक्षिकाओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गयी । पंच कुण्डीय यज्ञ का संचालन विद्यालय की फाउण्डर प्रेसीडेंड ‘श्रीमती राधारानी शमां के मार्ग दर्शन में किया गया। श्रीमती शर्मा ने विद्यार्थियों को गायत्री यज्ञ, गुरु एवं बसंत पर्व के महत्व से अवगत कराया, तथा बताया – ” यह विद्या का पर्व है, इस पर्व पर माँ सरस्वती का ध्यान करना व नमन करना विद्यार्थियों के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है ।” विद्यालय के लगभग तीन हजार विद्यार्थियों व सभी शिक्षक / शिक्षिकाओं ने यज्ञ में आहुतियाँ दी। विद्यार्थियों ने गायत्री माँ की आरती व यज्ञ की महिमा के गीत गाये । कार्यक्रम के अन्त में गायत्री उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। यज्ञ की व्यवस्थाएँ संभालने में विद्यालय प्रभारी गुंजन शर्मा, शिक्षिका बिन्दु शर्मा एवं शिक्षक कुमार अपूर्व का विशेष योगदान रहा। इस पर्व पर अभिभावकों ने भी बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबन्धक श्री प्रद्युम्न चतुर्वेदी, प्रधानाचार्या मोनिका सिंह, उपप्रधानाचार्या रिंकू जैन, हेडमिस्ट्रेस इला कुमार एवं प्रबन्धन मण्डल के सभी सदस्यों ने यज्ञ में आहुतियाँ दी। गायत्री पब्लिक स्कूल की दोनों ही शाखाओं में नौनिहालों का विद्यारंभ संस्कार किया गया। अंत में वेदमाता गायत्री की आरती द्वारा विश्व कल्याण की प्रार्थना की गई तथा प्रसाद वितरण किया गया।