आगरालीक्स…आगरा में तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक की मोत
आगरा के जलेसर रोड स्थित मुड़ी चौराहे के निकट आज सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो चालक की जान ले ली। इलाका पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम गृह भेजा है। हादसा एत्मादपुर-खंदौली मार्ग पर मुड़ी चौराहा से मात्र 200 मीटर की दूरी पर उस समय हुआ जब एत्मादपुर की ओर से आते तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए उसके चालक मौसिम पुत्र नत्थी खां निवासी खंदौली को कुचल दिया। लहुलुहान ऑटो चालक की ऊपर से पहिया निकलने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से सड़क पर जाती एक कार भी अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। हादसे के बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर जमा हो गए। भीड़ द्वारा वाहनों का आवागमन रोक देने से ट्रैफिक जाम हो गया, जिसे इलाका पुलिस ने आकर खुलवाया। मृतक ऑटो चालक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया गया है। डंपर चालक को पकड़ लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से निकाल लिया गया है।