आगरालीक्स.. आगरा में भाजपा और सपा से मेयर पद के प्रत्याशी को लेकर उत्सुकता बढती जा रही है, पिछले चार चुनावों में मेयर पद पर भाजपा का कब्जा रहा है, अब केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में संगठन कोई कमी नहीं छोडना चाहता है, साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले बडी जीत दर्ज करने की रणनीति तैयार की जा रही है। मगर, पहले की मोर्चे पर सबसे बडी चुनौती प्रत्याशी चुनना है, भाजपा से मेयर पद के लिए 58 आवेदन आए हैं, इसमें से छह नाम ऐसे हैं जो एक दूसरे के बराबर हैं, इनमें से किसी एक को चुनना आसान नहीं होगा। इसे लेकर शनिवार को भाजपा के नगर निगम चुनाव प्रभारी स्थानीय नेताओं से भी चर्चा करेंगे।
भाजपा के कार्ड के बाद सपा का प्रत्याशी
भाजपा से मेयर पद का प्रत्याशी घोषित होने के बाद सपा अपना प्रत्याशी घोषित करेगी, भाजपा वैश्य प्रत्याशी को उतारती है तो सपा ब्राहमण प्रत्याशी को उतार सकती है। वहीं, कांग्रेस भी दमदमार प्रत्याशी को चुनाव लडाने की जुगत में है।
बसपा और रालोद ने घोषित किए प्रत्याशी
बसपा ने दिगंबर सिंह धाकरे को मेयर पद का प्रत्याशी बनाकर ठाकुर वोट बैंक पर निशाना साधा है, रालोद ने जाट प्रत्याशी लोचन चौधरी को उतारा है। जातीय समीकरण के नजरिए से चुनाव रौचक होने जा रहे हैं।
24 घंटे बाद होगा नामांकन
आगरा में मेयर के लिए 12. 52 लाख मतदाता वोट से चोट करेंगे, 24 घंटे बाद नामांकन शुरू हो जाएगा, छह नवंबर तक नामांकन किया जा सकेगा। वहीं, 10 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
आगरा में पहले चरण में नगर निगम चुनाव हो रहा है, इसके लिए शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सार्वजनिक सूचना निर्गत करेंगे, 29 से छह नवंबर तक नामांकन होगा, सात नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, नौ नवंबर को नाम वापसी और 10 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
13 निकायों के लिए चुनाव
आगरा में एक नगर निगम, पांच नगर पालिका परिषद और सात नगर पंचायत के लिए चुनाव होगा, सबसे ज्यादा मतदाता 12 52 नगर निगम में हैं। इसके बाद नगर पंचायत फतेहपुर सीकरी में 26 हजार मतदाता हैं जबकि स्वामी बाग नगर पंचायत पर 1557 मतदाता हैं।
मेयर के लिए 20 लाख का खर्चा
इस बार मेयर पद के प्रत्याशी के लिए खर्चे की लिमिट 20 लाख की गई है, पार्षद दो लाख, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष छह लाख और नगर पालिका परिषद सदस्य डेढ लाख खर्चा कर सकेंगे। निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित की गई है।