आगरालीक्स …आगरा में नगर निगम चुनाव में टिकट को लेकर मची रार सामने आने लगी है, बसपा के जोन प्रभारी सुनील चित्तौड का कहना है कि एक वार्ड में 10 दावेदार हैं, किसी एक को ही टिकट मिल सकती है, जिन्हें टिकट नहीं मिलती वे नाराजगी जताते हैं लेकिन यह दो तीन दिन ही रहता है। इसके बाद कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम करते हैं।
रविवार को न्यू शाहगंज में बसपा के मेयर पद प्रत्याशी दिगंबर सिंह धाकरे के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हुआ, मेयर प्रत्याशी दिगंबर सिंह धाकरे ने कहा कि लोगों की आवाज को उठाने और शहर को विश्वस्तरीय बनाने का काम किया जाएगा। पिछले सालों से भाजपा से मेयर रहे हैं लेकिन उन्होंने शहर के लिए कोई काम नहीं किया है। शहर का विकास करने के लिए वे मेयर पद का चुनाव लड रहे हैं, उन्हें सभी लोगों के वोट चाहिए, जिससे चुनाव में जीत दर्ज कर सकें।
गुपचुप तरीके से टिकट देने पर बोले जोन प्रभारी
बसपा में पार्षद की टिकट के लिए जमकर हंगामा हो रहा है, जिन्हें टिकट दी जा रही हैं, उन्हें गुपचुप तरीके से बुलाया जा रहा है। ऐसे में जिन्हें टिकट नहीं मिली है वे वहां पहुंचकर हंगामा कर रहे हैं। इस सवाल पर जोन प्रभारी सुनील चित्तौड ने कहा कि भाजपा हर बार साजिश रचती है, इसे देखते हुए गुपचुप तरीके से टिकट आवंटित की गई हैं, भाजपा की टिकट घोषित होने के बाद बसपा ने टिकट दी है।
मुस्लिम प्रत्याशियो पर गोलमोल जवाब
बसपा मूल वोट बैंक के साथ मुस्लिम वोट बैंक से जीत दर्ज कर सकती है, ऐसे में कितने मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दी गई, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह जानकारी नहीं है, लिस्ट देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उधर, टिकट न मिलने से नाराज बसपा कार्यकर्ता हंगामा कर रहे हैं।