आगरालीक्स…आगरा के बचपन प्ले स्कूल एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में हुआ “सक्षम स्पोर्ट्स मीट”. बैक रेस, बुक बैलेंसिंग रेस, तीन पैरों की दौड़, रिले रेस, हॉपिंग रेस, लेमन रेस में विजेताओं को किया सम्मानित
बचपन प्ले स्कूल एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, भावना एस्टेट, सिकंदरा, आगरा के तत्वावधान में आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 को अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी, सिकंदरा, आगरा में “सक्षम स्पोर्ट्स मीट” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “सक्षम यात्रा” (4 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व बचपन प्ले स्कूल के को-फाउंडर अजय गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। यह 9 दिनों की 5 शहरों (दिल्ली, अयोध्या, लखनऊ, आगरा, जयपुर, दिल्ली) की यात्रा है, जिसका उद्देश्य “कामयाब ग्रांट्स” के माध्यम से भारत के भविष्य को सशक्त बनाना एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजय गुप्ता (CEO) एवं कृष्णन सर तथा सक्षम यात्रा की पूरी टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा आकर्षक वेलकम डांस एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया, जिसने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर श्री अजय गुप्ता ने सक्षम यात्रा के उद्देश्यों एवं इसकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उपस्थित अभिभावकों को इस पहल के महत्व से अवगत कराया।
सक्षम स्पोर्ट्स मीट के अंतर्गत बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बैक रेस, बुक बैलेंसिंग रेस, तीन पैरों की दौड़, रिले रेस, हॉपिंग रेस, लेमन रेस तथा माताओं के लिए बुक बैलेंसिंग के साथ बैक रेस शामिल रही। इसके अतिरिक्त ताइक्वांडो (मार्शल आर्ट) का शानदार प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया। सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम मंच पर ही घोषित किए गए तथा विजेता बच्चों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। बच्चों में अत्यधिक उत्साह एवं खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग, निदेशक गुंजन गर्ग, समन्वयक दीप्ति चौहान एवं समस्त शिक्षकों ने मुख्य अतिथियों, सक्षम यात्रा टीम एवं सभी अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा बच्चों को भविष्य में भी इसी प्रकार गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।