आगरालीक्स.. आगरा में ताजमहल के पास रबर डैम बनाने की कवायद शुरू हो गई है। यह 2 .5 मीटर ऊंचाई का होगा, इसे ताजमहल से 1 .50 किलोमीटर डाउन स्ट्रीम में नगला पैमा के पास बनाया जाएगा। इसके लिए अलग से खंड स्थापित किया जा रहा है। रबर चेक डैम प्रोजेक्ट के लिए एनओसी लेने का कार्य अनुसंधान एवं नियोजन खंड अलीगढ़ द्वारा किया जाएगा। अलग खंड में एक एक्सईएन, तीन एई और बाकी जूनियर इंजीनियर होंगे। डैम निर्माण के लिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय और केंद्रीय जल आयोग से एनओसी लेनी पड़ेगी।
यमुना का जल स्तर कम होने से ताजमहल की नींव कमजोर हो रही है। ऐसे में एएसआई ने ताजमहल के पीछे यमुना का जलस्तर 146 मीटर बनाए रखने के लिए पानी भंडार की व्यवस्था के लिए एक अलग से स्ट्रक्चर बनाने की मांग की थी। इसके बाद शासन द्वारा रबर चेक डैम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया, आगरा आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने रबर चेक डैम की घोषणा की थी।
2.5 मीटर की ऊंचाई का रबर डैम
रबर चेक डैम 1.50 किलोमीटर ताजमहल से डाउनस्ट्रीम में बनाया जाएगा। यह 2.5 मीटर की ऊंचाई का रबर डैम होगी। रबर मेंब्रेन ब्लेडर से डैम तैयार होगा। रबर मेंब्रेन ब्लेडर में हवा भरकर उसके पीछे पानी भरा जाता है। मीडया को अधीक्षण अभियंता नरेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि रबर डैम का काम जल्द शुरू होगा। प्रोजेक्ट की लागत 350 करोड़ आंकी गई है। रबर बैराज बनने से नदी का जलस्तर बढ़ जाता है।