आगरालीक्स…पेट ही नहीं मूड़ भी रहे कूल! गर्मियों में ऐसे 10 हैल्दी ड्रिंक्स जो आपको हीट वेव से बचा सकते हैं, थकावट और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए डायटीशियन भी कर रहे सजेस्ट
आगरा में धूप और पारा दिनोंदिन चढ़ता जा रहा है। हीटवेव के मामले सामने आने लगे हैं, साथ ही थकावट और डिहाइड्रेशन की शिकायतें लेकर भी लोग अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। चिकित्सक उपचार कर रहे हैं साथ ही धूप—गर्मी से बचाव और तला—भुना और बाहर का खाना न खाने की सलाह दे रहे हैं। इधर आहार विशेषज्ञों की सलाह है कि लोगों को अपनी एनर्जी ड्रिंक्स में कुछ चीजों को शामिल करना चाहिए। आईए जानते हैं डायटीशियन काजोल से ऐसे 10 ड्रिंक्स जो शरीर को नेचुरल तरीके से ठंडा और हैल्दी रख सकते हैं। 1 — छाछपेट ठंडा रखती है, पाचन में मदद करती है। थोड़ा भुना जीरा + काला नमक डाल सकते हैं। छाछ से भरा गिलास दोपहर के समय में भी शरीर को ठंडक देने का काम करता है। यह पोषक तत्वों का भंडार भी है।
2 — पुदीना का शरबत
इन दिनों जिस प्रकार की तीखी धूप और गर्मी पड़ रही है। पुदीने का शरबत अमत के समान है। भारत में पुदीना हर वक्त पसंद किया जाता है। चाहे गोलगप्पे हों या चाट या स्नैक, पुदीना लगभग हर चीज में डाला जाता है। गर्मी में पानी में मिलाकर पीने से यह आपको सुबह से शाम तक कूल रख सकता है। पुदीना फॉस्फोरस, कैल्शियम और विटामिन-सी, डी, ई और ए जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है।
3 — नारियल पानी
गर्मी के मौसम में एक से दो नग नारियल पानी से बेहतर और क्या होगा। इस समय यह सड़कों के किनारे आसानी से मिल जाता है। फल खुला नहीं होता इसलिए इस पेय में गंदगी जाने का भी रिस्क नहीं है। नारियल पानी में 94 प्रतिशत पानी होता है। ऐसे में गर्मी में यह आपके शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता।
4 — नींबू पानी
नींबू पानी ज्यादातर लोगों का पसंदीदा ड्रिंक होता है। बहुत से लोग सुबह उठते ही इसे पीना पसंद करते हैं। लेकिन गर्मियों के समय में ठंडे पानी में मिलाकर या शिकंजी के रूप में भी इसे ले सकते हैं। इसे पीते ही तरोताज़ा महसूस होता है। इसमें कैलोरी, प्रोटीन, फाइबर और कार्ब्स होते हैं।
5 — आम पन्ना
आम पन्ना कच्चे आम के गूदे से बनाया जाता है। इसमें जीरा और पुदीने की पत्तियों को भी डाला जाता है। एक गिलास आम पन्ना आपको लू लगने से बचा सकता है। बहुत से लोग गर्मी से बचने के लिए इसका सेवन करते हैं। पुराने लोगों को अधिकांश इसकी जानकारी होती है।
6 — सत्तू का शरबत
सत्तू का इस्तेमाल उत्तरी भारत के हिस्से में काफी किया जाता है। इसका इस्तेमाल इन दिनों अमृत के समान है। सत्तू को अपने आप में संपूर्ण आहार भी माना जाता है। सत्तू में कैलोरी, कार्ब्स, प्रोटीन और फाइबर होता है।
8 — बेल का शरबत
गर्मी के मौसम में बेल का उपयोग काफी किया जाता है। इसका शरबत शरीर को ठंडक तो पहुंचाता ही है, साथ ही यह कई तरह के पोषक तत्वों का भंडार भी होता है। बेल के शरबत में बीटा-कैरोटीन, प्रोटीन, राइबोफ्लाविन, विटामिन-सी, बी1 और बी2 के साथ कैल्शियम, पोटैशियम और फाइबर भी भरपूर मात्रा में होता है। इन दिनों यह आसानी से उपलब्ध होता है।
9 — सौंफ का पानी
सौंफ भिगोकर उसका पानी पीना पेट की गर्मी/गैस में मदद कर सकता है। गर्मी से बचाव रखने में सौंफ काफी उपयोगी होता है। पेट के लिए भी इसके कई लाभ हैं।
10 — बिना दूध की ठंडाई
सौंफ, पुदीना पत्ते, खसखस, 4–5 भीगे बादाम, अगर एसिडिटी की समस्या नहीं है तो थोड़ा गुलकंद, 1–2 इलायची, सादा पानी, मिश्री के मिश्रण से इसे तैयार किया जाता है। रात में सौंफ/बादाम भिगो दें और सुबह सब पीसकर पानी में मिलाएं। इसके बाद छानकर पी लें। गर्मी में यह भी लाभकारी होता है।