आगरालीक्स…आगरा में पेट्रोल 101.54 रुपये प्रति लीटर. 10 दिन में चार बार बढ़े पेट्रोल डीजल के रेट. लोग बोले—चरम पर महंगाई
ईरान—अमेरिका और इजरायल के बीच छिड़ी जंग का असर पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है और भारत में भी इसका व्यापक प्रभाव देखने को मिलने लगा है. महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ रही है. तेल, गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही है. पेट्रोल डीजल के रेट पिछले 10 दिन में चौथी बार बढ़े हैं. सोमवार को पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़े हैं.आगरा में पेट्रोल की कीमत अब 101.54 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल भी 98.94 रुपये प्रति लीटर हो गया है और सेंचुरी लगाने के करीब है. पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने लोगों को परेशान कर दिया है. लोगों का कहना है कि महंगाई चरम पर आ गई है. लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है. ट्रांसपोर्ट महंगा होने से रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ने का खतरा भी मंडराने लगा है. दूध और गैस पहले से ही महंगी हो चुकी है.