आगरालीक्स….डरने वालों को कुछ नहीं मिलता जिंदगी में, लड़ने वालों के कदमों में सारा जहां होता है।”..सामाजिक सरोकारों के साथ फेयरफील्ड बाय मैरियट ने मनाई तीसरी वर्षगांठ
अशोक कॉसमॉस मॉल, संजय प्लेस स्थित होटल फेयर फील्ड बाय मैरियट ने तृतीय वर्षगांठ समारोह भावनात्मक और प्रेरणादायी माहौल में आयोजित किया गया। समारोह पूरी तरह मूक-बधिर बच्चों को समर्पित रहा। बच्चों की प्रतिभा के मंचन के साथ विभिन्न खेल और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ होटल की डायरेक्टर डॉ. रंजना बंसल, कौन बनेगा करोड़पति से हिमानी बुंदेला, होटल के महाप्रबंधक अमित कुमार मेहता, आगरा डेफ इनेबल समिति की अध्यक्ष ललिता गुप्ता, सचिव रश्मि तथा चुन्नीलाल जूनियर सेकेंडरी हायर स्कूल, बल्केश्वर की हरजीत कौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद होटल स्टाफ द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई।सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए होटल के महाप्रबंधक अमित कुमार मेहता ने कहा कि होटल सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देता रहेगा और विशेष बच्चों के साथ यह आयोजन उनके लिए बेहद यादगार है। होटल की डायरेक्टर डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि आज इस समारोह की सबसे बड़ी और विशेष ऑडियंस ये बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी अलग नहीं बल्कि सबसे बेहतर हैं और होटल परिवार आगे भी लगातार आपको आमंत्रित करता रहेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिमानी बुंदेला ने कहा कि हम सभी एक समान हैं। जीतने वाला व्यक्ति अलग नहीं होता, बल्कि उसका कार्य करने का तरीका अलग होता है। यदि जीवन में कुछ सीखने का अवसर मिले तो उसे कभी नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने प्रेरणादायी पंक्तियां सुनाईं कि “मुश्किलों से भाग जाना आसान होता है, हर पहलू जिंदगी का इम्तिहान होता है, डरने वालों को कुछ नहीं मिलता जिंदगी में, लड़ने वालों के कदमों में सारा जहां होता है।”
इसके बाद होटल की तीन वर्ष की यात्रा पर आधारित वीडियो प्रस्तुत किया गया। समारोह में ब्रेन हेमरेज से दिव्यांग हुए रंजीत को अशोक ग्रुप की ओर से व्हीलचेयर भेंट की गई।मूक-बधिर बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। यशी, भूमि और विनायक ने बिना संगीत सुने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। आगरा डेफ इनेबल सोसायटी की अध्यक्ष ललिता गुप्ता ने बच्चों के लिए सूत्रधार की भूमिका निभाई। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के बीच केक कटिंग भी की गई। चुन्नीलाल जूनियर सेकेंडरी हायर स्कूल के बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन एचआर मैनेजर अभय श्रीवास्तव ने किया। समापन सभी ने सामूहिक रूप से “हम होंगे कामयाब” गीत गाकर किया।