आगरालीक्स…आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 24 घंटे में तीन एक्सीडेंट. तीन की मौत, 13 घायल. नींद की झपकी बन रही सबसे बड़ी वजह.
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पिछले 24 घंटे के अंदर तीन बड़े एक्सीडेंट हुए हैं. रविवार को दो एक्सीडेंट में 8 लोग घायल हुए तो वहीं देर रात हुए कार एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए. हादसे का सबसे बड़ा कारण नींद की झपकी है. इन तीनों ही एक्सीडेंट में यह कॉमन वजह रही है. देर रात एक्सप्रेस वे पर हुए एक्सीडेंट में चालक को नींद की झपकी आ गई जिससे एक्सप्रेस वे पर दौड़ रही कार आगे चल रहे कैंटर में बुरी तरह से जा घुसी. हादसा इतना भयंकर था कि कार की छत के परखच्चे उड़ गए और कार के आगे का हिस्सा कंटेनर में बुरी तरह से जा घुसा. कार सवार दो सगे भाइयों सहित तीन की इसमें मौत हुई जबकि 5 घायल हुए हैं.हाइड्रा मशीन की मदद से कंटनेर से बाहर निकाली कार
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार रात दो बजे कार आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी. तेज आवाज और चीख पुकार सुनकर पुलिस फोर्स के साथ ही रेस्क्यू टीम पहुंच गई. कार को हाइड्रा मशीन की मदद से कंटेनर से बाहर निकाला गया. कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में शंकर कुमार उनके भाई सुनील कुमार और प्रीति की मौत हो गई. जबकि पांच लोग घायल हैं. घायल में एक आठ साल का बच्चा भी है.
बिहार से राजस्थान जा रहे थे कार सवार
पुलिस जांच में सामने आया है कि शंकर कुमार, अपने भाई सुनील कुमार और परिवार के साथ बिहार से चुरु राजस्थान जा रहे थे. कार चुरु के रहने वाले मोहम्मद शोएव चला रहे थे. कार में शंकर, उनके भाई सुनील कुमार के साथ ही राजीव कुमार, पूजा, परमिता, प्रीति और आठ साल के अयान्श थे. हादसे में शंकर कुमार उनके भाई सुनील कुमार और प्रीति की मौत हो गई.

दूसरा एक्सीडेंट
नींद आने से कार डिवाइडर से टकराई, एयरफोर्स जवान सहित पांच घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक टाटा टियागो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में एयरफोर्स जवान समेत एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया. जानकारी के अनुसार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 18+500 पर लखनऊ की ओर से आगरा की तरफ जा रही टाटा टियागो कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकरा गई. कार चालक देवेंद्र पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी शांतिकुंज पार्ट-2, थाना मारुति कुंज, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) हैं. उनके साथ पत्नी रुचि, पुत्री दिव्या, पुत्र प्रियांशु और पुत्री लानक्षा भी सवार थे. परिवार गुरुग्राम से प्रयागराज जा रहा था. बताया गया कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और फिर सीधी होकर एक्सप्रेसवे की मध्य लेन में खड़ी हो गई. हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों को मामूली चोटें आईं. घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी सुधीर कुमार शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. एंबुलेंस-21 तथा पीआरबी की सहायता से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए आगरा के अस्पताल भेजा गया. बताया गया है कि कार चालक देवेंद्र भारतीय वायु सेना (एयरफोर्स) में कार्यरत हैं. यूपीडा अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटाकर टोल प्लाजा-21 भेजा जाएगा. समय रहते राहत कार्य होने से एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुचारु बनाए रखा गया.
तीसरा एक्सीडेंट
झपकी आने से एक्सप्रेसवे पर पलटी कार, तीन घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए. एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 31+900 आरएचएस पर कार संख्या UP 51 AJ 5111 दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कार चालक अनिल सिंह अपने साथियों के साथ सौरिख से फतेहाबाद की ओर जा रहे थे. कार में गौतम सिंह पुत्र हाकिम सिंह सहित अन्य लोग सवार थे. बताया गया कि चालक को रास्ते में नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी मेटल क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए आरओडब्ल्यू क्षेत्र में जा पहुंची और पलट गई. पलटने के बाद कार सीधी अवस्था में आकर रुक गई. दुर्घटना में चालक समेत तीन लोगों को सामान्य चोटें आईं.
