आगरालीक्स…आगरा की एक ऐसी ग्राम पंचायत जिसने नेशनल लेवल पर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है. शिक्षा, स्वच्छता, डिजिटल लाइब्रेरी से यूपी की इस एकमात्र ग्राम पंचायत को मिला भारत में तीसरा स्थान
आगरा जनपद के विकास खण्ड सैंया की ग्राम पंचायत बिराहरु ने उत्कृष्ट विकास कार्यों एवं नवाचारों के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। ग्राम पंचायत बिराहरु को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार-2025 के अंतर्गत सम्पूर्ण भारत में तृतीय स्थान तथा उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बिराहरू ने सतत विकास के विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। पंचायत द्वारा जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन के लिए विकसित अमृत सरोवर, शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित स्पेस लैब एवं आधुनिक पुस्तकालय, स्वच्छता एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी प्रयास तथा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल एवं शासकीय सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।इसके अतिरिक्त, हर घर नल से जल की अवधारणा को साकार करते हुए पंचायत द्वारा ओवरहेड पानी की टंकी एवं पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से ग्राम के प्रत्येक परिवार को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इस पहल से ग्रामीणों को घर-घर सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर एवं स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार आया है। ग्राम पंचायत द्वारा किए गए इन नवाचारों एवं जनहितकारी कार्यों ने ग्रामीण विकास, शिक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किया है। पंचायत की इस उपलब्धि से न केवल जनपद आगरा बल्कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश गौरवान्वित हुआ है।
ग्राम पंचायत बिरहरू विकास खण्ड सैंया, जनपद आगरा एक झलकग्राम पंचायत बिरहरू विकास खण्ड सैंया से लगभग 09 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार ग्राम पंचायत की कुल जनसंख्या 8,402 है, जिसमें अनुसूचित जाति की जनसंख्या 1,264 है। ग्राम पंचायत में कुल 1,120 परिवार निवास करते हैं। ग्राम पचायत में कूल 15 सदस्य है, एवं ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रधान श्री भूरी सिंह हैं तथा पंचायत सचिव श्री विवेक गुप्ता हैं। ग्राम पंचायत में 4 प्राथमिक विद्यालय, 2 कम्पोजिट विद्यालय, 7 आंगनवाड़ी केन्द्र सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराये गये प्रमुख कार्य
अमृत सरोवर निर्माण कार्य।
कम्पोजिट विद्यालय पाठशाला, बिरहरू में एस्ट्रोनॉमी लैब निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत बिरहरू में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना।
ग्राम सचिवालय का संचालन एवं सुदृढ़ीकरण।
ग्राम पंचायत में फिल्ड टेस्टिंग किट (एफ.टी.के.) का उपयोग करके पेयजल स्रोतों का 100 प्रतिशत परीक्षण किया जाता है।
उक्त कार्यों के माध्यम से ग्राम पंचायत में शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रशासनिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की गई है।