यूपीलीक्स…सनसनीखेज, ग्रेटर नोएडा में घर के अंदर मिली पूरी परिवार की लाश. पति—पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव मिले. रात को नूडल्स खाकर सोए थे…फूड प्वाइजनिंग या फिर कुछ और, पुलिस कर रही जांच
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज खबर आई है. रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है. सभी के शव घर के अंदर मिले हैं. मृतकों में पति पत्नी और उनके तीन बच्चे हैं.बताया गया है कि परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार रात को नूडल्स का सेवन किया था. प्रारंभिक जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का माना जा रहा है लेकिन कुछ लोगों ने प्रॉपर्टी विवाद के भी आरोप लगाए हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह थाना रबूपुरा पुलिस को सूचना मिली कि नगला श्री पदम में रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है. सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. एंबुलेंस और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश पुत्र कृष्ण, उसकी पत्नी ललिता और तीन बच्चे 11 वर्षीय लड्डू, 7 वर्षीय बेटी मिष्टी और तीन साल के बेटे साक्षात के रूप में हुई ळे. पांचों के शवों को पोस्टमार्टम के लए भेजा गया है.
रात में खाए थे नूडल्स
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतक महेश की मां ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स खाए थे. इसके बाद सभी की मौत हो गई. वहीं एक ग्रामीण ने बताया कि मृतक महेश के बड़े भाई राहुल ने भी गृह क्लेश के चलते रेल से कटकर आत्महत्या कर ली थी. मां चंद्रवती से अक्सर राहुल का झगड़ा होता था. वहीं मृतक महेश की भाभी ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं. कुछ लोगों ने बताया कि मां चंद्रवती झगड़ा करती थी और कहती थी कि वह उन्हें यहां नहीं रहने देगी और सारी संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर देगी. उसने पहले ही सारी संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर दी है. उसने सभी से घर छोड़ने के लिए कहा. उनके यहां रोज झगड़े होते थे.