आगरालीक्स….आगरा में आम से सजा श्रीजगन्नाथ जी का मंदिर, आम के व्यंजनों का लगा भोग, मृदंग और मंजीरे पर कीर्तन में झूमें भक्तजन…
श्री जगन्नाथ मंदिर (इस्कान) में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आम के मनोरथ एवं आम के कुंज दर्शन का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के आमों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण मनमोहक और भक्तिमय दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुर जी के अलौकिक स्वरूप के दर्शन करने पहुंचे और इस अनूठे मनोरथ का आनंद लिया। मृदंग और मंजीरे पर कीर्तन का आनन्द के लिए आज मंदिर के पट रात 9.30 बजे तक खुले रहे। मंदिर में आयोजित आम के कुंज दर्शन के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ जी, बलभद्र जी एवं सुभद्रा जी के विग्रहों को विशेष श्रृंगार से अलंकृत किया गया। फूल बंगले को सैकड़ों किलो आमों से सजाकर एक सुंदर आम कुंज का स्वरूप प्रदान किया गया। विभिन्न किस्मों के आमों को कलात्मक ढंग से सजाकर वृक्ष, तोरण, मेहराब और झूमरों का निर्माण किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को वृंदावन के दिव्य कुंजों की अनुभूति कराई। इस अवसर पर भगवान के लिए विशेष आम मनोरथ सजाया गया। जिसमें आम से निर्मित आकर्षक सजावट के साथ-साथ आम के विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। ठाकुर जी को आमरस, आम की खीर, आम श्रीखंड, आम बर्फी, आम पन्ना, आम चटनी, आम का हलवा सहित 75 स्वादिष्ट व्यंजन समर्पित किए गए। जिन्हें श्रद्धालु अपने-अपने घरों से बनाकर ठाकुरजी के भोज के लिए लाए थे। जय जगन्नाथ और हरे कृष्ण, हरे राम… के जयघोष से मंदिर परिसर निरंतर गुंजायमान रहा। मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने विधि विधान से आरती सम्पन्न कराई। इस अवसर पर मुख्य रूप से इस अवसर पर मुख्य रूप से कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील ग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल, शाश्वत नन्दलाल आदि उपस्थित थे।