आगरालीक्स…आगरा के खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर, जीआईसी ग्राउंड में बनेगा मिनी इनडोर स्टेडियम. 492 लाख की लागत से 15 महीने में पूरा होगा काम. भूमि पूजन व शिलान्यास हुआ..जानिए क्या होगा इसमें खास
शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) के मैदान में खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए एक आधुनिक इनडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सोमवार को विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा, "आगरा के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, कमी थी तो बस उन्हें निखारने के लिए एक विश्वस्तरीय मंच और बुनियादी ढांचे की। यह मिनी स्टेडियम हमारी युवा पीढ़ी के सपनों को नई उड़ान देगा। अब शहर के खिलाड़ियों को सुविधाओं के अभाव में पीछे नहीं रहना पड़ेगा। इस स्टेडियम से तैयार होकर हमारे बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।"
₹492 लाख की लागत, 15 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य
इस आधुनिक मिनी स्टेडियम के निर्माण की कुल स्वीकृत और तकनीकी लागत ₹492.00 लाख है। परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए ₹216.00 लाख की धनराशि पहली किस्त के रूप में अवमुक्त भी की जा चुकी है। 27 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस कार्य को आगामी 15 माह की तय अवधि के भीतर पूरा करने का कड़ा लक्ष्य रखा गया है। उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी 'यू०पी० स्टेट कांस्ट्रक्शन एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेन्ट कॉरपोरेशन लि०' (UPSCIDC) को सौंपी गई है।
दो मंजिला स्पोर्ट्स हब में मिलेंगी यह शानदार सुविधाएं
यह इनडोर स्टेडियम पूरी तरह आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त होगा, जिसका संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है:
भूतल (Ground Floor) पर आकर्षण:
मेन हॉल (डबल हाइट): जहां विभिन्न इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
मल्टीपरपज हॉल: विशेष रूप से टेबल टेनिस और अन्य खेलों के लिए आरक्षित।
खिलाड़ियों की सुविधा: पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक और चेंजिंग रूम।
एडमिनिस्ट्रेशन रूम, वर्क स्टेशन रूम और खेल सामग्रियों के लिए इक्विपमेंट स्टोर।
सुरक्षा व संसाधन: आपातकालीन चिकित्सा के लिए फर्स्ट एड रूम, परिसर में सी.सी. व इंटरलॉकिंग रोड, और निर्बाध जल आपूर्ति के लिए बोरिंग व सबमर्सिबल पंप की व्यवस्था।
सिटिंग हॉल: दर्शकों और खेल प्रेमियों के बैठने के लिए शानदार सिटिंग एरिया।
स्टोर रूम: अतिरिक्त व्यवस्थाओं के संचालन के लिए एक बड़ा स्टोर रूम।
जीआईसी मैदान में बनने वाले इस स्टेडियम को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस इनडोर स्टेडियम के बनने से आगरा और आसपास के ग्रामीण अंचलों के युवाओं को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, और कुश्ती जैसे इनडोर खेलों को हर मौसम में बिना किसी बाधा के खेलने और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
इनकी रही मौजूदगी
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरानअध्यक्षता रामनाथ गौतम,पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, निर्मला दीक्षित, डॉ अलौकिक उपाध्याय, धीरज कोहली, राजू कुशवाह, आदेश सिंघल, , संजय जैन, ओम प्रताप सिंह वरिष्ठ भाजपा नेता के के भारद्वाज डॉ संतोष चाहर,विपुल मित्तल, परशुराम शर्मा, सुनील उपाध्याय, रंजीत सामा, दीप विनायक पटेल, मुनेंद्र जादौन, ललित शर्मा, राजकुमार सागर, ठा.रनवीर सिंह, सुनील कर्मचंदानी,विजय गोला,धीरज जैन,गुड्डू मेनन,रवि दिवाकर,सुधीर टंडन, डॉ भोज कुमार शर्मा,सुरेश चौहान,कमल सिंह तोमर, मुरलीधर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।