आगरालीक्स…आगरा में विधि छात्रों को सेंट्रल जेल का कराया शैक्षणिक भ्रमण. कारागार प्रशासन, बंदियों के अधिकारों, विधिक सहायता और सुधारात्म्क न्याय प्रणाली की दी गई जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय कारागार, आगरा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को कारागार प्रशासन, बंदियों के अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं सुधारात्मक न्याय प्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,आगरा के सचिव पंकज कुमार (पूर्णकालिक) ने कहा कि विद्यार्थियों को न्यायिक एवं सुधारात्मक संस्थाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होना चाहिए,जिससे वे भविष्य में विधिक सेवा एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में प्रभावी योगदान दे सकें।कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर डॉ.अरुण कुमार दीक्षित ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं,जिससे उनकी विधिक समझ और अधिक सुदृढ़ होती है।
इस अवसर पर श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी, आगरा अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में विधिक जागरूकता, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केंद्रीय कारागार,आगरा के डिप्टी जेलर शिवम सिसोदिया एवं अन्य कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को कारागार की व्यवस्थाओं,बंदियों के पुनर्वास कार्यक्रमों तथा विधिक सहायता संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।