आगरालीक्स…आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग. एक ही दिन में 628 यात्री पकड़े गए. 3.84 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला
आगरा छावनी स्टेशन पर मंगलवार को बिना टिकट/अनियमित यात्रा/बिना बुक सामान ले जाने वाले एवं रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक/टिकट चैकिंग आर के सिंह के अतिरिक्त मुख्य टिकट निरीक्षक सा. विजय सिंह मीना, राशिद जमील सीटीआई स्टेशन आगरा छावनी, हरती मीना सीटीआई डिटेल आगरा कैंट सहित स्टेशन पर बड़ी संख्या में टिकट चैकिंग स्टाफ मौजूद रहा, जिन्हें देखकर अनियमित यात्रियों में हड़कंप मचा रहा, कुछ यात्रियों ने तरह तरह के बहाने बनाए कुछ ने भागने की कोशिश की जिन्हें पकड़कर उनसे निर्धारित जुर्माना वसूला गया। उक्त जांच अभियान में 230 बिना टिकट यात्रियों से कुल 1,92,140 रुपए, अन्य अनियमित यात्रा करने वाले कुल 364 यात्रियों से 1,89,085 रुपए तथा रेल परिसर में गंदगी व धूम्रपान करने वाले 34 यात्रियों से 3,400/- का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार जांच अभियान में पकड़े गए कुल 628 यात्रियों से 3,84,625 रु का जुर्माना वसूल किया गया। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम द्वारा बताया गया कि इस प्रकार की जांच मंडल में निरंतर कराई जा रही हैं, जिससे बिना टिकट यात्रा ,अनियमित यात्रा ,बिना बुक लगेज, गंदगी फ़ैलाने वालों यात्रियों पर रोक लगाई जा सके ।अतः यात्रियों से अनुरोध है कि वह उचित यात्रा टिकट लेकर एवम निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करें तथा रेल परिसर में गंदगी एवं धूम्रपान न करें।