आगरालीक्स…सुबह 10 बजे से गायब दो बच्चियां 9 घंटे बाद सेप्टिक टैंक में पड़ी मिलीं, निकाला तो हो चुकी थी मौत…आगरा मंडल के इस जिले में सनसनीखेज घटना
आगरा मंडल के मैनपुरी जिले से सनसनीखेज और दुखभरी घटना सामने आई है. सुबह 10 बजे से गायब दो मासूम बच्चियां 9 घंटे बाद परिजनों को सेप्टिक टैंक में पड़ी मिली. बच्चियों को निकाला गया तो उनकी मौत हो चुकी थी. इस घटना से परिवार में कोहराम मचा दिया है. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.घटना मैनपुरी के औंछा स्थित गांव नगला कंचन की है. यहां रहने वाली छह साल की साहिबा पुत्री इम्तियाज और पांच साल की गुलिस्तां पुत्री जाकिर हुसैन सुबह गांव के मदरसे में पढ़ने के लिए गई थीं. दोनों आपस में चचेरी बहन थीं. वहां से सुबह 10 बजे घर के लिए निकलीं लेकिन घर नहीं पहुंची.काफी देर तक जब दोनों घर नहीं आईं तो परिजन चिंतित हुए. परिजनों ने ग्रामीणों के साथ दोनों की काफी खोजबीन की. पूरा दिन तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला. देर शाम जब परिजन घर की ओर लौटे तो शाम सात बजे जाकिर हुसैन के सेप्टिक टैंक में दोनों बच्चियों के शव उतराते दिखे. यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए. दोनों के शव बाहर निकाले गए.
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. काफी समझाने पर भी परिजन नहीं माने. गुलिस्तां के पिता जाकिर हुसैन ने दो वर्ष पहले शौचालय के लिए टैंक बनवाया था और उसे ढंक दिया था लकिन दो दिन पहले ही शौचालय चालू करने के लिए उसे खोला गया था. उसकी सफाई करने के बाद इसे शुरू कराया जाना था लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया.