आगरालीक्स…Agra News: आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर 157 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ रही रेंज रोवर को पुलिस के इंटरसेप्टर ने रिकॉर्ड कर लिया, हेक्टर की स्पीड निकली 144, एक्सप्रेस वे पर आगरा पुलिस ने 4250 वाहनों के ओवर स्पीड में चालान किए हैं।
आगरा से नोएडा के बीच 180 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन तेज स्पीड से दौड़ रहे हैं। एक्सप्रेस वे की आगरा सीमा में यातायात पुलिस की टीम इंटरसेप्टर के साथ खड़ी रहती है इसमें वाहनों की स्पीड रिकॉर्ड हो जाती है। एक्सप्रेस वे पर वाहन सहित छोटे चार पहिया वाहनों के लिए 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड निर्धारित है। मगर, एक्सप्रेस वे के खाली रोड पर 150 तक की स्पीड पर वाहन दौड़ रहे हैं।
157 की स्पीड से दौड़ रही थी रेंज रोवर
आगरा के यातायात पुलिस निरीक्षक बलवीर सिंह का मीडिया से कहना है कि शुक्रवार को नोएडा की तरफ से आगरा की तरफ यमुना एक्सप्रेस वे पर रेंज रोवर कार आ रही थी। इंटरसेप्टर पर कार की स्पीड 157 रिकार्ड की गई, रेंज रोवर कार का पंजीकरण नोएडा के रहने वाले युवक के नाम पर है, इसके बाद हेक्टर कार आई इसकी स्पीड 144 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हेक्टर गाड़ी का पंजीकरण मथुरा के युवक के नाम पर है। इन दोनों के दो दो हजार रुपये के चालान किए गए हैं।
329 गाड़ियों की स्पीड 100 से अधिक
आगरा पुलिस की जांच में शुक्रवार यानी 19 जून 2026 को यमुना व लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आगरा क्षेत्र में ऐसी 329 गाड़ियों को चिन्हित किया गया जिनकी स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। इसमें से यमुना एक्सप्रेस वे पर 103 और लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 226 गाड़ियां थी इनके चालान किए गए। एक जून से 19 जून तक ओवर स्पीड में 4250 गाड़ियों के चालान किए जा चुके हैं।