यूपीलीक्स…बड़ा हादसा, लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग. बचने के लिए बिल्डिंग की खिड़की से कूद रहे बच्चे. कई फंसे होने की संभावना.
यूपी की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर आ रही है. अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई है. जब आग लगी तब कोचिंग में काफी संख्या में बच्चे पढ़ रहे थे. आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई और कई बच्चे खिड़की आदि से कूदे हैं जिससे वो घायल हुए हैं. सूचना पर दमकल भी पहुंच गई है और आग बुझाया जा रहा है. अभी तक चार से पांच बच्चे ट्रामा सेंटर पहुंचाए गए हैं. कोचिंग सेंटर अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में संचालित है. बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर कोचिंग है. सोमवार को यहां बच्चे पढ़ रहे थे. तभी अचानक आग लग गई. आग लगने से बिल्डिंग में धुआं भर गया और इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई. कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी जिससे वो घायल हो गए हैं. मौके पर डीएम और प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल मौजूद है और राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है. समाचार लिखे जाने तक अभी भी कई बच्चों के फंसे होने की खबर है.