आगरालीक्स …आगरा में स्कूल बस ने बच्चों को लेकर जा रहे आॅटो में टक्कर मार दी, तीन बच्चे घायल हो गए। वैन चालक ने बच्चों को आॅटो में बिठा दिया था, इसके बाद हादसा हुआ। इससे परिजनों में आक्रोश है।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के रागेद्र स्वरूप स्कूल के बच्चों को उनके घर से लेकर वैन चालक निकला, रास्ते में पांच बच्चों को वैन चालक ने आॅटो में बिठा दिया। आॅटो चालक बच्चों को लेकर रागेंद्र स्वरूप स्कूल जा रहा था। कैला देवी चौराहा सिकंदरा के आवास विकास कॉलोनी पर होली पब्लिक स्कूल की बस ने आॅटो में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने आॅटो से बच्चों को बाहर निकाला।
तीन बच्चे घायल
हादसे में आॅटो में बैठे कार्तिकेय (14), मानवीय परिहार (9) और यथार्थ (9) घायल हो गए। हादसे में बच्चों के घायल होने की सूचना मिलते ही परिजन आ गए। हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद वे बच्चों को अपने साथ ले गए।
वैन से आॅटो में बच्चों को बिठाने से आक्रोश
वैन चालक बच्चों को घर से स्कूल ले जाता था, उसने बच्चों को वैन से आॅटो में बिठा दिया और परिजनों को जानकारी नहीं दी। इससे परिजनों में आक्रोश है।
फरवरी 2016 में हादसे में आठ बच्चे घायल
….फतेहाबाद-फिरोजाबाद रोड पर गुरुवार सुबह एक स्कूल बस और डम्पर के बीच जबर्दस्त भिडंत हो गई। बस में सवार करीब आठ स्कूली बच्चे बस में बुरी तरह से फंस गए। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे उन्हें निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दो बच्चों की हालत ज्यादा गम्भीर बताई जा रही है।
घटनाक्रम के अनुसार फतेहाबाद-फिरोजाबाद रोड पर गुरुवार सुबह एक स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी कि तभी सामने से तेज गति से आ रहे एक डम्पर से उसकी जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस और डम्पर का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार स्कूली बच्चों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने तुरंत ही बस के अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की। ग्रामीणों के अनुसार बस में करीब आठ बच्चे बुरी तरह से फंसे हुए थे। इस दौरान सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल बच्चों को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया जहां दो बच्चों की हालत काफी गम्भीर बताई जा रही है। सूचना पर बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए हैं। स्कूल बस चालक और डम्पर चालक भी घायल हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल बस भी तेज गति में थी। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई घटनाएं ऐसी हो चुकी हैं जिनमें स्कूली बच्चे चालक द्वारा लापरवाही बरते जाने पर हादसे का शिकार हो चुके हैं। थोड़े दिनों तक सभी स्कूलों के वाहन चालकों को गतिसीमा पर चलने की हिदायत दी जाती है लेकिन बाद में सब खत्म हो जाता है। दोबारा जब ऐसी घटना सामने आने पर ही इन पर अंकुश लगाने की बात कही जाती है।