आगरालीक्स…आगरा में फेसबुक पर दोस्ती के बाद चार बच्चों की मां को युवक अपने साथ ले आया. शादी का वादा किया लेकिन शोषण करता रहा. रुपये—पैसे भी हड़पे, पुलिस ने किया अरेस्ट
आगरा के थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का लंबे समय तक कथित तौर पर शारीरिक शोषण करने, उससे नकदी और जेवर हड़पने तथा मारपीट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उंड्रीनगर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पीड़िता ने शनिवार को थाना ट्रांस यमुना में तहरीर देकर बताया कि उसके पति का पूर्व में निधन हो चुका है और उसके चार बच्चे हैं। करीब पांच वर्ष पहले उसकी फेसबुक के माध्यम से गौतम जाटव निवासी कलवारी, थाना जगदीशपुरा से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि गौतम ने शादी करने और चारों बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा देकर उसे मथुरा से आगरा बुला लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया। इस दौरान उससे एक लाख रुपये ले लिए और उसके जेवर भी अपने कब्जे में कर लिए। महिला फल का ठेला लगाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है।
आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और उसकी कमाई भी छीन लेता था। महिला की तहरीर के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार को फाउंड्रीनगर बस स्टैंड से आरोपी गौतम जाटव को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।