आगरालीक्स…आगरा में हरिनाम संकीर्तन से गूंजा बल्केश्वर, श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए शहरवासियों को दिया निमंत्रण…कल संजय प्लेस में गूंजेगा हरिनाम संकीर्तन
श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों ने अब पूरे शहर में आध्यात्मिक उल्लास का रंग भरना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को इस्कॉन आगरा की ओर से बल्केश्वर महादेव मंदिर से भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली गई। मृदंग, मंजीरे और ढोलक की मधुर धुनों पर गूंजते हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु नृत्य करते हुए भगवान श्रीजगन्नाथ के महोत्सव का निमंत्रण देने शहर की गलियों में पहुंचे। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण… हरे राम, हरे राम…" के संकीर्तन के साथ आगे बढ़ रही यात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे उत्साह से नृत्य और भजन-कीर्तन करते रहे। मार्ग में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जबकि स्थानीय लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों से भगवान को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आमंत्रण यात्रा ने सिटी मॉल, न्यू आदर्श नगर, पानी की टंकी, महाराजा अग्रसेन मार्ग, महाराजा अग्रसेन सेवा सदन होते हुए रश्मि नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पर विश्राम लिया। आमंत्रण यात्रा के दौरान भक्तों ने शहरवासियों को 14 जुलाई को आयोजित होने वाले नयन उत्सव तथा 16 जुलाई को होने वाली भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया। नयन उत्सव के अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा महारानी 14 दिनों के विश्राम के बाद भक्तों को पुनः दर्शन देंगे, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। इस अवसर पर मुख्य रूप से विकास बंसल, नितेश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, दीपक, प्रह्लाद अग्रवाल, विपिन रमेश यादव, हर्ष खटाना, ऋषभ, राजीव मल्होत्रा, सूरज, नवीन अग्रवाल आदि उपस्थित थे। इसी क्रम में प्रातः 6 बजे जिफेन्स एस्टेट स्थित दुर्गा मंदिर से भी एक आमंत्रण यात्रा निकाली गई। इस यात्रा ने बिंदु कटरा क्षेत्र में हरिनाम संकीर्तन करते हुए भ्रमण किया और श्रद्धालुओं को रथयात्रा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। संकीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा नजर आया।
13 जुलाई को संजय प्लेस में गूंजेगा हरिनाम संकीर्तनश्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के प्रचार-प्रसार का क्रम सोमवार, 13 जुलाई को भी जारी रहेगा। इस दिन सायंकाल संजय प्लेस स्थित आजाद पेट्रोल पंप से आमंत्रण यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा कॉसमॉस मॉल होते हुए पूरे संजय प्लेस क्षेत्र में हरिनाम संकीर्तन के साथ भ्रमण करेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को 16 जुलाई की भव्य रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। इस्कॉन आगरा ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में सहभागी बनकर भगवान के दिव्य रथ के दर्शन करें और हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करें।