मथुरालीक्स….मुड़िया पूर्णिमा पर गोवर्धन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब. लाखों श्रद्धालु कर रहे गिरिराज जी की परिक्रमा. ऐतिहासिक ‘मुड़िया शोभायात्रा’ निकली, संतों ने की परिक्रमा. राधे—राधे के जयकारों से गूंज रही तलहटी. देखें फोटोज…
मुड़िया पूर्णिमा के पावन अवसर पर गिरिराज महाराज की नगरी भक्ति और अपार आस्था के रंग में सराबोर हो उठी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन के लिए जिला प्रशासन द्वारा अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। देश के कोने- कोने से लाखों श्रद्धालु गोवर्धन पहुंचकर गिरिराज महाराज की सात कोस परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मध्य रात्रि से ही श्रद्धालुओं का आगमन जारी है, जिससे पूरा परिक्रमा मार्ग खचाखच भरा हुआ है।
गोवर्धन में धूमधाम से निकली ऐतिहासिक 'मुड़िया शोभायात्रा', संतों ने की गिरिराज परिक्रमा
गोवर्धन में महान संत सनातन गोस्वामी जी के तिरोभाव महोत्सव पर बुधवार को पारंपरिक 'मुड़िया शोभायात्रा' अगाध श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। चकलेश्वर स्थित ऐतिहासिक राधा श्याम सुंदर मंदिर से प्रारंभ हुई इस यात्रा में मुड़िया संत राम कृष्ण दास जी के नेतृत्व में सैकड़ों संतों ने अपने सिर मुंडवाकर परंपरा का निर्वहन किया। ढोल, मृदंग और बैंड- बाजों की भक्तिमय धुनों पर नाचते- गाते संतों ने श्री गिरिराज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा की। इस सदियों पुरानी परंपरा के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने परिक्रमा मार्ग में पुष्प वर्षा कर संतों का स्वागत किया और आशीर्वाद लिया।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली सहित देश के अनेक राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने गोवर्धन को सचमुच 'लघु भारत' का स्वरूप प्रदान कर दिया है। हर श्रद्धालु की आंख में गिरिराज जी के दर्शन की उत्कंठा और मुख पर 'जय गिरिराज महाराज' के जयघोष हैं। भीड़ का आलम यह है कि परिक्रमा मार्ग पर मानव श्रृंखला जैसी स्थिति बन गई है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह- जगह स्वयंसेवी संस्थाएं पेयजल, स्वास्थ्य और भंडारे के सेवा कार्यों में जुटी हुई हैं।

योगी सरकार के निर्देश पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
योगी सरकार के दिशा- निर्देशों के अनुरूप प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, चलायमान शौचालयों, बैरियर एवं बैरिकेडिंग, पार्किंग, वॉच टावर और प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल और प्रशासनिक टीमें लगातार गश्त कर सुरक्षा और सुचारू आवागमन सुनिश्चित कर रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

डीएम- एसएसपी ने ग्राउंड जीरो व कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं को परखा
मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने स्वयं कमान संभाली। अधिकारियों ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र, भीड़ के दबाव और महत्वपूर्ण पॉइंट्स का अवलोकन किया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम के रजिस्टर का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर पूरी जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कंट्रोल रूम से 24 घंटे पूरे मेला क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम (प्रशासन) अमरेश कुमार और एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।