आगरालीक्स…आगरा के 32 कांवड़ियों का जत्था कछला गंगाघाट गया. लौटते समय एक्सीडेंट. एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल. अपने ही जत्थे के पिकअप वाहन से जा भिड़ी…
आगरा के बाह तहसील के 32 कांवड़ियों का एक जत्था रविवार को गंगाजल लेने के लिए कछला गंगाघाट गए थे. इस जत्थे में एक पिकअप गाड़ी, पांच बाइकें और स्कूटी शामिल थी. जल भरकर जब यह जत्था वापस लौट रहा था तभी बरेली—आगरा हाइवे पर इनकी एक बाइक अपने ही जत्थे में आगे चल रहे पिकअप गाड़ी से जा टकराई. इसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है. मरने वाले युवक का नाम मनीष पुत्र विनोद निवासी शंकरपुर गांव थाना खेड़ा राठौर है. वहीं दो युवक अभिषेक पुत्र उमाशंकर निवासी गांव खोहरी और राहुल पुत्र रामबरन निवासी झाऊलालपुरा घायल हुए हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और राहगीरों के साथ जत्थे में शामिल अन्य कांवड़िए भी एकत्र हो गए. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.