आगरालीक्स…शॉकिंग, आगरा के बरहन में रेलवे ट्रैक पर 22 साल की युवती, 10 साल की बच्ची और 25 साल के युवक का शव अलग—अलग स्थानों पर पड़े मिले…आखिर ये तीनों कौन, पुलिस कर रही जांच
आगरा के थाना बरहन क्षेत्र से चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं. थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर पुलिस को अलग—अलग स्थानों पर तीन शव मिले हैं. ये तीनों शव एक 25 साल के युवक, 22 साल की युवती और 10 साल की एक बच्ची के हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि तीनों शव अलग—अलग समय पर और अलग अलग स्थानों पर पड़े मिले. पुलिस अब इन तीनों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है.
रात को मिला युवक का शव
पुलिस को 15—16 अगस्त की रात को पहला शव 25 साल के युवक का ट्रैक पर पड़ा मिला. पुलिस ने शव की पहचान करने की कोशिश की लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई. इसके कुछ घंटे बाद ही 16 अगस्त को चमरौला—बरहन के बीच डाउन ट्रैक पर एक युवती का शव मिला. उसकी उम्र 22 साल की होगी. युवती के गले में चेन, कानों में बालयां और हाथ में अंगूठी व घड़ी मिली. इसकी भी शिनाख्त नहीं हो पाई. वहीं 16 अगस्त को ही शाम करीब चार बजे मितावली—बरहन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक 10 साल की बच्ची का शव मिला. पुलिस बच्ची की पहचान के लिए भी जुटी है.
जांच में जुटी पुलिस
तीनों शव अलग—अलग समय पर और अलग अलग स्थानों पर मिले हैं. ऐसे में पुलिस संभावना जता रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौत हुई है. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं के आधार पर जांच में जुट गई है. आसपास के इलाकों में भी तीनों की पहचान की कोशिश की जा रही है.