आगरालीक्स…आगरा—मथुरा हाइवे पर हीरालाल की प्याऊ पर हुआ एक्सीडेंट. आगरा आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ा. केबिन में बुरी तरह फंस गए चालक और परिचालक
आगरा मथुरा हाइवे पर बुधवार को हादसा हो गया. हीरालाल की प्याऊ पर मथुरा की ओर से आ रहा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया. इससे ट्रक का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और इसके केबिन में चालक और परिचालक बुरी तरह से फंस गए. हादसे के बाद जाम की भी स्थिति बन गई.
ट्रक चालक का एक पैर केबिन में इस तरह फंस गया कि करीब पौन घंटे बाद उसे बाहर निकाला जा सका. हादसे के बाद सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और जेसीबी मौके पर पहुंच गई. घायल चालक का नाम अलीगढ़ निवासी आशीष् है. एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए भेजा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.