आगरालीक्स:…आगरा में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता का कार्यालय सील, 29 आरसी जारी करने के बाद भी बकाया जमा न करने पर की गई कार्रवाई।
आगरा में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद कार्यालय के अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह पर डेढ़ साल से भू राजस्व की 8.65 करोड़ रुपये की बकायेदारी है। इसके लिए तहसील सदर प्रशासन ने 29 वसूली प्रमाण पत्र यानी आरसी जारी कीं। इस मामले में कोर्ट ने वसूली के आदेश दिए थे। 10 अगस्त को कोर्ट के आदेश पर एसडीएम सदर विक्रम सिंह ने अधिशासी अभियंता कार्यालय की कुर्की के आदेश दिए।
कार्यालय को किया सील
शनिवार दोपहर में नायब तहसीलदार बिचपुरी रजनीश रंधावा की निगरानी में पांच सदस्यीय टीम उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता के कार्यालय पर पहुंची। टीम दोपहर तीन बजे अधिशासी अभियंता के कार्यालय पर पहुंची, अभियंता सहित अन्य लोग कार्यालय में मौजूद थे। टीम ने कुर्की का आदेश दिखाया और सभी लोगों को कार्यालय से बाहर निकाला। अधिशासी अभियंता के कार्यालय सहित आठ चैंबरों को सील कर दिया। एसडीएम सदर विक्रम सिंह के अनुसार, 8.65 करोड़ रुपये की बकायेदारी पर कार्रवाई की गई है।