मथुरालीक्स…मथुरा में ज्वैलरी शोरूम से 12 करोड़ के गहने चोरी. इनमें 7 किलो 120 ग्राम सोना और 11 लाख कैश..पुलिस ने 36 घंटे में किया पर्दाफाश. मां, भाई, बहन सहित मुख्य चोर पुलिस ने पकड़ा…चौंकाने वाली घटना
मथुरा के थाना कोसीकलां में जुगल किशेर ज्वैलर्स के यहां हुई लगभग 12 करोड़ की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने चोरी करने वाले चार आरोपियों को पकड़ा है. इनमें दो भाई और मां व बहन शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से 7 किलो 120 ग्राम सोना और 11 लाख कैश बरामद किया है.
करोड़ों की चोरी को दिया अंजाम
कोसीकलां के भरत मिलाप चौक के पास सराफा बाजार में जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस का शोरूम है. रविवार रात यहां एक अकेले चोर ने करीब 12 करोड़ का सोना और 15 लाख रुपये कैश चोरी कर लिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आराम से भाग भी गया. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी चेक किए तो उसमें चोर मुंह ढककर बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया.
पुलिस ने 36 घंटे में मुख्य चोर और उसके घरवालों को पकड़ा
इतनी बड़ी चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस ने टीमें गठित कीं. सराफा कारोबारी ने अपने पुराने कर्मचारी रामनगर मोहल्ला में रहने वाले विष्णु सोनी उर्फ प्पू पर शक जताया. पुलिस ने इसके आधार पर देर रात पप्पू को उसके घर से पकड़ लिया. कड़ाई से पूछताछ में पप्पू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने पप्पू की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के निकट एक गड्ढे में छुपाया गया सोने से भरा बैग बरामद कर लिया. इसमें 7.126 किलोग्राम सोना और 11 लाख कैश थे.
पुराना कर्मचारी था पप्पू
पुलिस के अनुसार आरोपी चोर पप्पू जुगल किशोर के यहां आठ साल पहले नौकरी पर आया था. डेढ़ साल पहले दुकान में सामान चोरी का आरोप लगाते हुए उसे निकाल दिया गया था. पुलिस ने पप्पू के साथ ही उसके भाई, मां और बहन को भी गिरफ्तार किया है. वारदात में इनकी संलिप्पता भी सामने आई है.