आगरालीक्स…आगरा में सजी शादियों के कारोबार की नई तस्वीर, 5000 से अधिक विजिटर्स ने देखा वेडिंग एक्सपो. वेडिंग प्लानर, होटल, इवेंट मैनेजमेंट, कैटरिंग, डेकोर, फैशन के ट्रेेंड लोगों ने देखें
ताज कन्वेंशन में दो दिन से चल रहे इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को वेडिंग इंडस्ट्री के भविष्य, पर्यटन नीति, आतिथ्य, मनोरंजन और बदलते बैंक्वेट ट्रेंड पर विशेषज्ञों ने मंथन किया। उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से आयोजित कॉन्क्लेव के दूसरे दिन के सत्रों का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि आगरा के खानपान, हॉस्पिटैलिटी और होटल उद्योग की देशभर में सराहना होती है। किसी भी क्षेत्र में परिवर्तन के लिए नेता, नीति और नियत तीनों जरूरी हैं। प्रदेश सरकार नई पर्यटन नीति के माध्यम से वेडिंग और पर्यटन से जुड़े उद्यमियों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हॉउस टैक्स और टीटीजेड में मिल रही राहत सहित विभिन्न सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार उद्यमियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
राकेश गर्ग ने कॉन्क्लेव के आयोजन के लिए एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी के प्रयासों की सराहना की और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह से पर्यटन और वेडिंग सेक्टर के विकास को लेकर अपना सहयोग प्रदान कर रही है। सरकार ने ऐसी नीतियां बनाई है जिससे पर्यटन और विवाह के उद्योग को अधिक से अधिक बढ़ावा मिले और विश्व मंच पर पूरे प्रदेश की एक अलग पहचान बने। एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर संवाद, सहयोग और नए अवसरों की संभावनाएं तलाशना है। उन्होंने कहा कि आगरा की पहचान पहले से ही पर्यटन और मोहब्बत के शहर के रूप में है, अब वेडिंग इंडस्ट्री के संगठित प्रयासों से इसे देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
पर्यटन नीति में क्या है वेडिंग इंडस्ट्री के लिए—हुआ सवाल-जवाब
दूसरे दिन के पहले सत्र में उप्र पर्यटन नीति और वेडिंग इंडस्ट्री के बीच संभावनाओं पर चर्चा हुई। होटल डबलट्री हिल्टन की जीएम रजनी नायर ने सत्र का मॉडरेशन करते हुए क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी, टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़, ऋतुराज खन्ना, सभी पंच सितारा होटल के जनरल मैनेजर राजेश चक्रवर्ती, संदीपन बोस, प्रदीप्ता सिन्हा, हरि सुकुमार और दीप मोहन अरनेजा से वेडिंग सेक्टर की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजनाओं पर सवाल-जवाब किए। वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन और वेडिंग इंडस्ट्री एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत सुविधाओं के साथ इस सेक्टर के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। संदीपन बोस ने कहा कि वर्ष 2025 के बाद वेडिंग सेक्टर में काफी बदलाव आया है और इससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने सेक्टर में 24 प्रतिशत ग्रोथ का उल्लेख किया।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने पर्यटन नीति-2022 के तहत उद्यमियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूमि खरीद पर सात प्रतिशत स्टाम्प शुल्क में छूट, टीटीजेड क्षेत्र में राहत तथा छोटे निवेशकों को बैंक ऋण पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को आकार देने के लिए वैवाहिक उद्योग की एक बहुत बड़ी भूमिका है।
‘वेडिंग मैग’ में समाई इंडस्ट्री की कहानी
कॉन्क्लेव के दौरान उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की स्मारिका ‘वेडिंग मैग’ का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि राकेश गर्ग, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी, महासचिव संदीप उपाध्याय, संरक्षक राजेश गोयल, पंकज गोयल, टूरिस्ट गिल्ड अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़, अरुण डंग, ऋतुराज खन्ना, राजेश चक्रवर्ती, संदीपन बोस, प्रदीप्ता सिन्हा, हरीश सुकुमार और दीप मोहन अरनेजा ने स्मारिका का विमोचन किया।
नए संयुक्त सचिवों का सम्मान
एसोसिएशन के नवनियुक्त संयुक्त सचिव सनी गुप्ता और शिरीष सिन्हा का कॉन्क्लेव मंच पर सम्मान किया गया। साथ ही इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्पो 2027 के नेशनल कन्वीनर मनीष सिंघल, स्वीट्स एंड वेडिंग हैंपर यूपी के सेल चेयरमैन के रूप में अमित गोयल गोपाल दास पेठे वाले के नाम की घोषणा हुई।
बदल रहा यूपी टूरिज्म, वेडिंग इंडस्ट्री में नए अवसर
दूसरे दिन ‘यूपी टूरिज्म’, ‘उत्तर प्रदेश में आतिथ्य का भविष्य’, ‘एंटरटेनमेंट की क्रांति’ और ‘बियोंड द बैंक्वेट’ सहित विभिन्न सत्रों में वेडिंग इंडस्ट्री के बदलते स्वरूप पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि इस सत्र लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता और इंजीनियर उमेश शर्मा थे। ‘बियोंड द बैंक्वेट’ सत्र का संचालन पंकज गोयल ने किया। राजेश गोयल, अमूल्य कक्कड़, ललित राठौर, संदीप उपाध्याय ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आज वेडिंग आयोजन केवल बैंक्वेट हॉल तक सीमित नहीं रह गए हैं। कैटरिंग और फूड प्रेजेंटेशन में भी तेजी से नए प्रयोग हो रहे हैं। फूड क्यूरेशन में मिनीएचर फूड आइटम और विशेष इंस्टॉलेशन का चलन बढ़ रहा है। छोटे आकार में तैयार किए गए आकर्षक व्यंजन और थीम आधारित फूड डिस्प्ले मेहमानों के अनुभव को नया रूप दे रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि कैटरर्स और फूड क्यूरेटर्स का सफर अब पारंपरिक भोजन से आगे बढ़कर अनुभव आधारित फूड प्रेजेंटेशन तक पहुंच गया है।
मनोरंजन से लेकर आतिथ्य तक बदली शादी की तस्वीर
‘एंटरटेनमेंट की क्रांति’ सत्र में शादी समारोहों में मनोरंजन के बदलते तरीकों, नए फॉर्मेट, लाइव परफॉर्मेंस, तकनीक और मेहमानों के अनुभव को केंद्र में रखकर चर्चा हुई। मॉडरेटर आशीष अरोड़ा ने कहा कि आज की शादियों में मनोरंजन केवल मंचीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे आयोजन के अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ‘उत्तर प्रदेश में आतिथ्य का भविष्य’ सत्र में होटल, हॉस्पिटैलिटी, डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन के बीच बढ़ते संबंधों पर विचार हुआ। विशेषज्ञों ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते पर्यटन के साथ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
5000 से अधिक विजिटर्स ने देखा एक्सपो
दो दिवसीय एक्सपो में 5000 से अधिक विजिटर्स पहुंचे। 50 से अधिक स्टॉल पर वेडिंग प्लानर, होटल, इवेंट मैनेजमेंट, कैटरिंग, डेकोर, फैशन, फोटोग्राफी, म्यूजिक, गिफ्ट, क्रॉकरी, ड्राई फ्रूट, इत्र, एंटरटेनमेंट, बैंड, क्रूज और डीजे सहित वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया गया।
विजिटर्स ने स्टॉल पर पहुंचकर शादी के नए ट्रेंड, उत्पादों और सेवाओं की जानकारी ली। एक्सपो में कारोबारियों के साथ-साथ वेडिंग प्लानरों, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी से जुड़े प्रतिनिधियों और विभिन्न सेवा प्रदाताओं के बीच नेटवर्किंग भी हुई।
सहयोगियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
ताज कन्वेंशन के जीएम राजेश चक्रवर्ती और उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल ने आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय आयोजन के समापन पर कॉन्क्लेव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सम्मानित किया गया।