आगरालीक्स…पुराने पैंतरे के साथ नए साइबर ठग मैदान में, पीएनजी उपभोक्ताओं को निशाना बनाने के लिए बुन रहे तरह—तरह के जाल ‘गैस बिल भरिए, वरना कनेक्शन कट जाएगा!’
आगरा में “आपका गैस बिल बकाया है… तुरंत भुगतान करें, नहीं तो कनेक्शन काट दिया जाएगा।” मोबाइल पर आया ऐसा मैसेज देखकर अगर आप भी घबरा जाएं तो रुक जाइए! यह जरूरी नहीं कि मैसेज ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से ही आया हो। गैस बिल भुगतान के नाम पर लोगों के मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठग उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। मैसेज में लिंक और नंबरफेक मैसेज में अक्सर बकाया बिल का हवाला देकर तत्काल भुगतान करने को कहा जाता है। साथ में एक लिंक या नंबर भी दिया जाता है। मैसेज पढ़कर उपभोक्ता जैसे ही लिंक पर क्लिक करता है, उसे भुगतान के लिए फर्जी वेबसाइट या पेज पर ले जाया जा सकता है। इसके बाद बैंकिंग या कार्ड संबंधी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा सकती है।
डर दिखाकर कराते हैं जल्दबाजी
साइबर ठगी के इस तरीके में लोगों को सोचने का मौका न देने के लिए “आज ही भुगतान करें”, “कनेक्शन बंद हो जाएगा” जैसे संदेशों का इस्तेमाल किया जा सकता है। यही जल्दबाजी ठगों के लिए सबसे बड़ा हथियार बन जाती है।
सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
गैस बिल से जुड़ा कोई संदिग्ध मैसेज आए तो उसमें दिए लिंक पर क्लिक करने के बजाय कंपनी के आधिकारिक माध्यम से बिल की जानकारी जांचें। किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, यूपीआई पिन, कार्ड नंबर या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी न दें। याद रखें—गैस बिल चुकाने की जल्दी में कहीं अपना बैंक बैलेंस न चुका बैठें। पहले मैसेज की सच्चाई जांचें, फिर भुगतान करें।
जिन पर मैसेज पहुंचे वो क्या बोले ?
कमला नगर निवासी एक बुजुर्ग ने बताया कि कल सुबह उनके पास यह मैसेज आया। वे लिंक को ओपन करने ही वाले थे कि पहले उन्होंने अपने बेटे से पूछ लिया। बेटे को ऐसे ठगों की पूरी जानकारी थी, इसलिए उसने उन्हें मैसेज से कोई भी छेड़छाड़ करने से मना कर दिया। कर्मयोगी में रहने वाले एक युवक ने बताया कि उनके पास भी ठीक वैसा ही मैसेज पहुंचा, जबकि यमुना पार रहने वालीं उनकी मां के मोबाइल पर भेजे गए मैसेज में एपीके फाइल भेजी गई थी, लेकिन मां ने भी मुझसे पूछ लिया और साइबर ठगी का शिकार होने से बच गईं। इसी तरह की शिकायतें बीते दिन ग्रीन गैस के कई उपभोक्ताओं से मिलीं। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत ग्रीन गैस के आधिकारिक नंबर पर भी दर्ज कराई है।